पन्ना टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में देखे गए दुर्लभ काले भेड़िये
पन्ना. एक बार फिर पन्ना टाइगर रिजर्व चर्चा में है। यहां के बफर क्षेत्र में पहली बार काला भेड़िया देखा गया है, जो वन्य जीव प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। विभिन्न प्रजाति के शाकाहारी व मांसाहारी वन्य जीवों के घर पन्ना टाइगर रिजर्व की विशिष्ट पहचान इसीलिए है क्योंकि यहां का मौसम भी विविधता से परिपूर्ण (4 से 48 डिग्री सेल्सियस) रहता है। दुर्लभ काले भेड़ियों की यह तस्वीर रूपेश कुकाडे ने किशनगढ़ के जंगल से गुजरने वाले हाइवे के पास ली है।
विभिन्न प्रजाति के वन्यजीवों से सुसज्जित है यह टाइगर रिजर्व
जैव विविधता के लिए प्रसिद्ध मध्य प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में जहां बाघ, तेंदुआ, भालू सहित विभिन्न प्रजाति के मांसाहारी वन्य प्राणियों के साथ चीतल, सांभर, चिंकारा व चौसिंगा जैसे शाकाहारी वन्य जीव प्रचुर संख्या में पाये जाते हैं। वहीं यहां पर विलुप्तप्राय दुर्लभ काले भेड़िये की भी मौजूदगी के सबूत मिले हैं। काले भेड़िये पन्ना टाइगर रिजर्व के किशनगढ़ बफर के जंगल से गुजरने वाले हाइवे के पास देखे गए हैं, जो निश्चित ही खुशी की बात है। मालूम हो कि अगस्त 2021 में पन्ना टाइगर रिजर्व में फिशिंग कैट के प्राकृतिक आवास की भी पुष्टि हुई थी।
उल्लेखनीय है कि बाघों से आबाद हो चुके पन्ना टाइगर रिज़र्व में जंगल के राजकुमार कहे जाने वाले तेंदुओं की तादाद सर्वाधिक पाई गई है। जाहिर है कि मध्य प्रदेश को टाइगर स्टेट के साथ तेंदुआ स्टेट का दर्जा दिलाने में पन्ना टाइगर रिजर्व की अहम भूमिका रही है। अब यहां के जंगलों में काले भेड़ियों की मौजूदगी यह बताती है कि जैव विविधता के मामले में पन्ना के जंगलों का कोई मुकाबला नहीं है। काले भेड़िया इसके पूर्व पन्ना के अलावा मध्य प्रदेश में कहीं देखे गए हैं या नहीं इसकी प्रामाणिक जानकारी नहीं है। लेकिन जानकारों का यह कहना है कि शायद पन्ना में ये पहली बार देखे गए हैं।
