शीतला मंदिर के पास हुई लूट, पुलिस को संदेह है कहानी पर, व्यापारी से लूटी बाइक
ग्वालियर. शीतला माता मंदिर पर दुकान लेने के लिये रसीद कटवाने आ रहे व्यापारी की मोटरसाईकिल सवार 3 बदमाश लूट ले गये हैं। घटना शीतला माता मंदिर के पास की है। युवक ने विरोध करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उसकी मारपीट कर कट्टा तान दिया। घटना मंगलवार की दोपहर की है, लूट के शिकार पीडि़त ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर आंतरी थाना पुलिस पहुंची और पीडि़त को थाना ले आई, लेकिन घटनास्थल झांसी रोड का होने पर फरियादी को झांसी रोड थाना भेजा गया। झांसी रोड़ थाना पुलिस को कहानी पर संदेह नजर आ रहा है तो फरियादी ने पहले लॉक तोड़कर बाइक उठाने फिर कट्टा दिखाने की बात कहीं हैं। यही बात पुलिस को हजम नहीं हो रही है।
क्या मामला है
दतिया निवासी सुनील मोगिया पुत्र सरमय लाल मोगिया व्यवसायी है और मेलों में दुकान लगाता है। आने वाली नवरात्रि में शीतला माता मंदिर परिसर में प्रसाद व अन्य पूजन सामग्री की दुकान की रसीद कटाने के लिए वह शीतला माता मंदिर आ रहा था। शीतला माता मंदिर के पास पहुंचने पर उसे प्यास लगी तो पास ही लगे नल पर पानी पीने के लिए वह बाइक खड़ी कर चला गया। इसी बीच बाइक से आए तीन बदमाशों ने उसकी बाइक का लॉक तोड़ा और बाइक ले जाने लगे। बाइक ले जाते देखकर वह दौड़कर आया और बाइक पर बैठे बदमाश को पकड़ लिया। बदमाश को पकड़ते ही बदमाश ने कट्टा निकाला और उसे मुक्का मार दिया। बदमाशों के तेवर देखकर सुनील घबरा गया और बदमाश बाइक छीन कर ले गए।
ऐसा था लुटेरों का हुलिया, काली बाइक से आए थे
बाइक ले जाने वाले बदमाशों की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच थी, एक बदमाश हट्टा कट्टा था तो उसके दो साथी सामान्य कद काठी के थे। वह काले रंग की स्पेंडर बाइक से आए थे, जबकि फरियादी की सिल्वर कलर की अपाचे लूट ले गए हैं। पुलिस हुलिया के आधार पर बदमाशो की तलाश में आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाल रही है।
पुलिस का कहना
इस मामले में झांसी रोड थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत आई है, मामले की जांच की जा रही है। बाइक की चाबी पीडि़त के पास है और जो बदमाश कट्टा अड़ाकर बाइक ले जाएंगे तो उन्हें ताला तोड़ने की जरूरत क्या है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
