मांगें पूरी न होने के विरोध में पटवारियों ने कराया मुंडन
भोपाल. मध्यप्रदेश के लगभग 19 हजार पटवारी इन दिनों हड़ताल पर है। इससे जनता से जुड़े कई काम अटक गये हैं। गुरूवार को भोपाल में कलेक्ट्रेट के बाहर पटवारियों ने धरना प्रदर्शन किया। वहीं, मंदसौर में मुंडन कराया। उनकी मुख्य माग ग्रेड-पे बढ़ाने की है।
मध्यप्रदेश में पटवारियों के हड़ताल पर जाने से नामांतरण और जाति-प्रमाण पत्र जैसे 7 महत्वपूर्ण कार्य नहीं हो पा रहे हैं। हालांकि जिलों में कलेक्टरों ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए राजस्व निरीक्षकों को काम सौंपे है। बावजूद काम प्रभावित हो रहा है।
मांगें पूरी होने तक रहेंगे हड़ताल पर
मध्यप्रदेश पटवारी संघ के भोपाल जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा ने कहा है कि लगभग 25 वर्ष से ग्रेड-पे और पदोन्नति की मांग कर रहे हैं। लेकिन अभी तक सरकार ने ध्यान तक नहीं दिया। इसके चलते कलम बंद हड़ताल शुरू की गयी है। गुरूवार को भी कलेक्ट्रेट के बाहर धरना प्रदर्शन किया गया। मांग पूरी होने तक हड़ताल पर रहेंगे।
मांग पूरी होने तक के लिये कराया मुंडन
मंदसौर जिले में गुरूवार को मंदसौर पटवारी संघ की हड़ताल के दौरान तहसील शामगढ़ पटवारी संघ के तहसील अध्यक्ष आशीष सांखला और शामगढ़ में पदस्थ पटवारी विपिन शर्मा ने मुंडन कराकर कर भगवान गणेश को केश समर्पित किये और साथ ही पटवारी संघ की वैध मांगों के निराकरण के लिये प्रार्थना की गयी।
यह काम प्रभावित
नामांतरण, ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निर्वाचन के कार्य, फसल गिरदावरी, पीएम-सीएम पेमेंट और पुलिस के साथ घटना स्थल पर पंचनामा बनाना।
23 से 25 अगस्त तक अवकाश पर रहे
मध्यप्रदेश के पटवारी चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं। पहले चरण में 21 अगस्त से सभी सरकारी ग्रुप से लेफ्ट हो गए थे और ऑनलाइन काम का बहिष्कार किया था। दूसरे चरण में 23 से 25 अगस्त तक 3 दिन तक सामूहिक अवकाश पर रहे। 26 अगस्त को भोपाल में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसके बाद 28 अगस्त से वे सामूहिक हड़ताल पर चले गए। 31 अगस्त को भी हड़ताल पर रहे।
