इंदौर की 6 विधानसभा सीटों पर BJP में खुली बगावत
इंदौर. हारी हुई 39 विधानसभा सीटों पर बीजेपी प्रत्याशी घोषित होने के बाद से ही कई क्षेत्रों से पार्टी में बगावत की खबरें आ रही हैं। इनके अलावा ऐसी सीटों पर भी विरोध शुरू हो गया है, जहां चुनाव की तैयारी में लगे नेताओं को टिकट न मिलने या कटने का अंदेशा है। इंदौर जिले की 9 में से 6 सीटों पर गुटबाजी और बगावती तेवर सामने आ रहे हैं। कहीं कार्यकर्ताओं ने सीक्रेट मीटिंग कर आलाकमान को खून से चिट्ठी लिख दी, तो कहीं रैली निकालकर अपना रुख जता दिया है। भोपाल तक प्रदर्शन भी कर दिया गया है। इन 6 में से 3 सीटों पर मौजूदा विधायकों या संभावित प्रत्याशी के विरोध ने पार्टी को टेंशन में डाल दिया है। यही वजह है कि पार्टी ने बड़े नेताओं को डैमेज कंट्रोल में लगा दिया है।
कहानी सुमित्रा महाजन और कैलाश विजयवर्गीय के समर्थकों के बीच ही घूम रही
बीजेपी को इंदौर-1, 4, 5, राऊ, महू और देपालपुर सीट पर अपनों की नाराजगी का सामना करना पड़ रहा है। इन सीटों पर घोषित और संभावित प्रत्याशियों के विरोध में स्थानीय नेता लामबंद हैं। प्रत्याशियों ने अपने जो प्लस पॉइंट बताकर दावेदारी मजबूत की है, इनके विरोधी उनको ही माइनस पॉइंट बता रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इंदौर की सीटों पर बीजेपी के भीतर जो हालात बन रहे हैं, उनकी कहानी ताई (सुमित्रा महाजन) और भाई (कैलाश विजयवर्गीय) के समर्थकों के बीच ही घूम रही है। सूत्रों का कहना है कि सोनकच्छ विधानसभा क्षेत्र से कैलाश विजयवर्गीय अपने खास समर्थक सूरज कैरो के लिए टिकट चाहते थे। हालांकि, सुमित्रा महाजन और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कारण राजेश सोनकर बाजी मार गए। नतीजा यह रहा कि दोनों तरफ से शक्ति प्रदर्शन शुरू हो गया है।
इंदौर विधानसभा सीट नंबर-1 हारे हुए प्रत्याशी सुदर्शन गुप्ता, सीट नंबर-4 विधायक मालिनी गौड़ और सीट नंबर-5 विधायक महेंद्र हार्डिया तीनों ही सुमित्रा महाजन, शिवराज सिंह और केंद्रीय मंत्री व मध्यप्रदेश चुनाव समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर के होल्ड में हैं। राजेश सोनकर का सोनकच्छ से नाम सामने आते ही सबसे पहले इंदौर-5 सीट पर विधायक व पूर्व मंत्री महेंद्र हार्डिया का विरोध शुरू हो गया। ये बागी सुर इंदौर-1 सीट पर सुदर्शन गुप्ता से होते हुए इंदौर-4 पर मालिनी गौड़ तक पहुंच गए हैं। विश्लेषकों का कहना है कि दो दिन पहले विजयवर्गीय समर्थक रमेश मेंदोला की सीट इंदौर-2 पर सियासी समीकरण टटोलने आए चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, सुमित्रा से भी मुलाकात करके गए हैं। इससे माना जा रहा है कि टिकट वितरण में ताई अपनी बात रख चुकी हैं।
