केंद्रीय मंत्री तोमर को कार्यकर्ताओं ने घेरा, टिकट कटने पर जताई नाराजगी

भोपाल. भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भोपाल में बुधवार दोपहर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का घेराव कर दिया। तोमर पार्टी कार्यालय से बाहर जा रहे थे, तभी सोनकच्छ के बीजेपी कार्यकर्ता उनकी कार के आगे आ गए। वे ढोल और नगाड़ों के साथ पार्टी ऑफिस पहुंचे थे। ये कार्यकर्ता सोनकच्छ से पूर्व प्रत्याशी राजेंद्र वर्मा का टिकट काटने की वजह से नाराज हैं। उन्होंने पार्टी ऑफिस में नारेबाजी की। हंगामा बढ़ते देख कार्यालय का गेट बंद करना पड़ा। समर्थकों का दावा है कि करीब ढाई हजार लोग टिकट बदलवाने की मांग को लेकर भोपाल पहुंचे हैं।

बीजेपी कार्यकर्ताओं ने तोमर की गाड़ी रोक ली। वे सोनकच्छ में प्रत्याशी बदलने की मांग कर रहे थे। - Dainik Bhaskar

तोमर की गाड़ी को वर्मा समर्थकों ने घेर लिया
दरअसल, बीजेपी ने देवास की सोनकच्छ सीट से राजेश सोनकर को टिकट दिया है। पूर्व विधायक राजेंद्र वर्मा इसका विरोध कर रहे हैं। वर्मा के समर्थक हाथों में तख्तियां लेकर ढोल-नगाड़े के साथ भोपाल स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय पहुंचे। ठीक इसी समय तोमर वहां से निकल रहे थे। गेट से बाहर निकल रही तोमर की गाड़ी को वर्मा समर्थकों ने घेर लिया। तोमर ने उन्हें समझाया। लंबी बातचीत के बाद तोमर वहां से निकल गए।

आक्रोशित कार्यकर्ताओं पर नहीं हुआ समझाइश का असर
तोमर के जाते ही बीजेपी कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए दफ्तर में दाखिल होने लगे। कार्यालय मंत्री राघवेंद्र ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की लेकिन कार्यकर्ता नहीं माने। मामला बिगड़ता देख कर्मचारियों ने दफ्तर का गेट बंद कर दिया। इसके बाद बीजेपी के कार्यालय प्रभारी और प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी बाहर आए और कुछ कार्यकर्ताओं को अंदर ले जाकर चर्चा की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *