आमखो पहाड़ी पर किरायेदार की चाकू मार हर हत्या, हत्यारे फरार, पुलिस टीम रवाना
ग्वालियर. मकान मालिक और किरायेदार के बीच हुए विवाद में किरायेदार की चाकू लगने से मौत हो गयी। मकान मालिक भी जख्मी हुआ था। घटना कंपू थाना क्षेत्र के आमखो पहाड़ी पर आज मंगलवार की सुबह की है। घटना का पता चलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के साथी और घायल मकान मालिक गायब है और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। नगरवर निवासी राजेन्द्र सिंह कुशवाह देवेन्द्र राणा के मकान में किराये से रहता था। आज सुबह राजेन्द्र देवेन्द्र के घर अपने 2 साथयों के साथ पहुंचा, उस वक्त देवेन्द्र घर पर नहीं था और राजेन्द्र और उसके साथियों ने मकान मालिक की पत्नी प्रीति को धमकाया और अभद्रता की जिस पर प्रीति ने कॉल कर अपने पति को बुला लिया और उनके बीच झगड़ा होने लगा। इस दौरान राजेन्द्र के साथियों ने चाकू निकाला और वह एक-दूसरे से भिड़ गये। इस दौरान चाकू लगने से राजेन्द्र जमीन पर गिर पड़ा और एक चाकू देवेन्द्र को लगा। इसके बाद देवेन्द्र और राजेन्द्र के साथी घटनास्थल से भाग निकले।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
घटना का पता चलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राजेन्द्र की लाश को निगरानी में लेकर एफएसएल टीम को सूचना दी और साथ ही देवेन्द्र और राजेन्द्र के साथ आये दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस की टीम सर्चिग में लगी हुई थी।
यह भी कारण है
पुलिस की पड़ताल में पता चला है कि जिस मकान में घटना घटी है वह मकान देवेन्द्र की पत्नी प्रीति और प्रीति की बहन सरोज के नाम पर है। सरोज के पति का देहांत हो चुका है। सरोज ने अपने हिस्से का मकान राजेन्द्र को किराये पर दिया था।
एक और कहानी भी है
ऐसा बताया गया है कि मृतक राजेन्द्र और देवेन्द्र की साली का प्रेम प्रसंग चल रहा था और कुछ माह से उनके बीच अनबन चल रही थी और इसके बाद साली ने देवेन्द्र से मदद मांगी और वह उनके बीच कहासुनी भी हुई थी। इसके बाद साली ने उसका नम्बर ब्लॉक कर दिया थाि।ि इसके बाद उनके बीच दुश्मनी हो गयी थी।