होटल में ग्वालियर-चंबल की 34 सीट पर होगी चर्चा
ग्वालियर. रविवार को देश के गृहमंत्री अमित शाह, सहित पांच केन्द्रीय मंत्री प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भाग ले रहे हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा भी मौजूद रहेंगे। अमित शाह प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में लगभग डेढ़ घंटे रहेंगे, लेकिन इसके बाद होटल आदित्याज में वह सवा दो घंटे से ज्यादा समय तक संगठनात्मक बैठक में ग्वालियर-चंबल अंचल की 34 सीट पर जीत-हार को लेकर जिम्मेदारों से वन टू वन करेंगे। क्योंकि ग्वालियर-चंबल अंचल की कई सीट पर भाजपा के लिए फीडबैक सही नहीं आ रहा है। वैसे भी साल 2018 के चुनाव में 34 में से भाजपा सिर्फ 7 सीट ही जीत पाई थी। गृहमंत्री सहित इतने सारे VVIP शहर में होने के चलते पुलिस हाई अलर्ट पर है। रविवार को सुबह से शाम तक हाई सिक्युरिटी जोन में बदल जाएगा। एयरपोर्ट से लेकर बैठक स्थल तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस जमीन के साथ ही आसमान में ड्रोन से निगरानी रखेगी। जिले के बल के अलावा करीब 2500 के लगभग जवान एयरपोर्ट से बैठक स्थल (जीवाजी का अटल सभागार) तक सुरक्षा में तैनात रहेंगे। बैठक स्थल को शनिवार से ही पुलिस अपनी निगरानी में ले लेगी। जिन रास्तों पर VVIP मूवमेंट रहेगा वहां ट्रैफिक रोका जाएग।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में दोपहर बाद शामिल होंगे गृहमंत्री
20 अगस्त को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेई सभागार में होगी। बैठक स्थल पर सुबह 9ः00 बजे पंजीयन होगा। बैठक सुबह 10ः30 बजे शुरू होगी। केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर द्वारा कार्यसमिति की बैठक को लेकर चल रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि बैठक के संबंध में जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसे जल्द पूरा कर लिया जाए। शहर को झंडों, बैनर, होर्डिंग्स से सजाया गया है। आने वाले कार्यसमिति प्रतिनिधियों के स्वागत के लिए सभी तैयारियां जल्द से जल्द पूर्ण की जाए जिससे कार्य समिति की बैठक को सफल बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि बैठक के सफल संचालन के लिए विभिन्न समितियां बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बैठक में 1800 प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में भाग लेने वाले सभी प्रतिनिधियों को भोजन में सुविधा की दृष्टि से परिसर में भोजन के लिए 18 गाले बनाए जाएंगे।

