बैंकर्स के साथ किसानों के खेतों पर पहुँचेंगे कलेक्टर 

ग्वालियर प्राकृतिक खेती को विस्तार देने के इच्छुक किसानों के खेतों पर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह बैंकर्स को लेकर पहुँचेंगे। साथ ही किसानों के साथ बैंकों में भी कलेक्टर जायेंगे। प्रगतिशील किसानों को आर्थिक मदद मुहैया कराकर प्राकृतिक खेती को विस्तार दिलाने के उद्देश्य से कलेक्टर यह प्रक्रिया अपनायेंगे। शुक्रवार को यहाँ बाल भवन में आयोजित हुई कृषि विभाग की आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक में कलेक्टर ने प्रगतिशील किसानों को यह भरोसा दिलाया।
जिले के विभिन्न ग्रामों में सफलतापूर्वक प्राकृतिक जैविक (खेती) कर अच्छी आमदनी प्राप्त कर रहे किसानों को कलेक्टर ने अपने बगल में बिठाकर एक – एक कर सभी के अनुभव सुने। साथ ही उन्हें भरोसा दिलाया कि प्राकृतिक खेती को विस्तार देने में जिला प्रशासन द्वारा कृषि वैज्ञानिकों एवं बैंकर्स के सहयोग से हर संभव मदद दिलाई जायेगी। कलेक्टर ने कहा कि वे स्वयं भी मौके पर प्राकृतिक खेती देखने जिले के विभिन्न ग्रामों में पहुँचेंगे।
  प्राकृतिक खेती कर ग्वालियर जिला ही नहीं प्रदेश भर में नाम कमा चुके बिलौआ निवासी उन्नतशील कृषक प्राण सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उनके द्वारा लगाए गए 2200 से ज्यादा पौधे अब पेड़ बन चुके हैं। उन्होंने बिलौआ – 22 नाम से अमरूद की एक किस्म ईजाद की है। इसके अलावा जैविक खेती के तमाम आयामों को उन्होंने सफलतापूर्वक अपनाया है।
बैठक में उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास आरएस शाक्यवार, नाबार्ड के अधिकारी धर्मेन्द्र सिंह तथा सहकारिता, उद्यानिकी व मत्स्य पालन सहित खेती से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *