ग्वालियर पुलिस को थी पटवारी परीक्षा में धांधली की जानकारी, एग्जाम के 5 दिन पहले 2, बाद में 4 को अरेस्ट किया

ग्वालियर. पुलिस चाहती तो पटवारी भर्ती परीक्षा में हुए घोटाले काे रोका जा सकता था। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया था, लेकिन उन्हें छोटा-मोटा अपराधी मानकर छोड़ दिया। ये गिरफ्तारी 4 से 5 अप्रैल को हुई थी। इन पर आरोप था कि ये लोग 8 से 12 लाख रुपए की रकम लेकर कैंडिडेट्स को पटवारी परीक्षा में सिलेक्शन की गारंटी दे रहे थे। आरोपी फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे। आधार कार्ड में फर्जी थंब इंप्रेशन पहले ही अपडेट कर लेते थे। फिर असली कैंडिडेट की जगह सॉल्वर को एग्जाम में बैठाकर उसे परीक्षा पास कराने की प्लानिंग कर रहे थे।

इन 4 की गिरफ्तारी से पहले हो चुकी थी टॉपर्स की परीक्षा
पटवारी भर्ती परीक्षा टॉपर्स की लिस्ट लंबी है, लेकिन शुरूआती 11 टॉपर्स की बात करें तो इन सभी की परीक्षा 31 मार्च के पहले ही हो चुकी थी। खासतौर पर NRI कॉलेज में परीक्षा देने वाले टॉपर्स की परीक्षा भी 26 मार्च के पहले ही हो चुकी थी। आइए, पहले 11 में से 8 NRI कॉलेज से टॉपर्स की एग्जाम डेट देख लेते हैं।

रैंक टॉपर का नाम एग्जाम डेट मार्क्स
1 पूजा शर्मा 15 मार्च 2023 183.36
3 पूनम राजावत 18 मार्च 2023 177.4
4 कृष्णा कुशवाह 24 मार्च 2023 177.06
5 पूजा रावत 16 मार्च 2023 177
6 मधुलता गड़वाल 17 मार्च 2023 176.12
8 आकाश शर्मा 21 मार्च 2023 175.75
10 अंकिता मीणा 21 मार्च 2023 174.88

एएसपी ने कहा- सब पहली बार ट्राई कर रहे थे, गंभीर मामला नहीं
पटवारी भर्ती में फर्जीवाड़े की साजिश रचने वाले 4 लोगों की गिरफ्तारी के बाद टीम ग्वालियर पहुंची थी। गिरफ्तारी को लेकर ग्वालियर एडीशनल एसपी राजेश दंडोतिया से बात भी की। उन्होंने बताया कि पटवारी भर्ती में होने वाली धांधली को लेकर एक स्टूडेंट हमारे पास शिकायत लेकर आया था। उसने बताया था कि कुछ लोग पटवारी भर्ती में सिलेक्शन दिलाने का दावा कर रहे हैं। वो स्टूडेंट्स से 8 से 12 लाख रुपए तक वसूल रहे हैं। स्टूडेंट ने ये भी बताया कि उसने उन लोगों के साथ डील की है। इसके बाद पुलिस ने बिना देरी किए 2 लोगों को गिरफ्तार किया। इनसे पूछताछ के बाद 2 अन्य लोगों की गिरफ्तारियां हुई थीं। कुल चार गिरफ्तारी हुई थीं। पहले गिरफ्तार दोनों युवक ऑनलाइन शॉप पर नकली थंब इंप्रेशन के साथ आधार कार्ड अपडेट कर रहे थे। हमने दोनों से पूछताछ की तो इन्होंने अपने दो और साथियों के नाम बताए। पुलिस ने उन्हें भी दबोच लिया। इन लोगों ने स्टूडेंट्स को झांसा दिया था कि वो उनके थंब इंप्रेशन का क्लोन बनवाकर परीक्षा में उनकी जगह सॉल्वर को बैठा देंगे। चारों पहली बार इस प्रकार का कोई अपराध करने जा रहे थे। ये स्टूडेंट्स की जगह खुद एग्जाम देने की फिराक में थे। 4 लड़कों के साथ आधार कार्ड अपडेट करने वाले कियोस्क के मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *