ग्वालियर में आनलाइन जुए की लत में शिक्षक ही हारा जिंदगी, साइबर एक्सपर्ट करेंगे पड़ताल
ग्वालियर. आनलाइन जुए की लत में एक शिक्षक ही जिंदगी हार गया। झांसी रोड इलाके में किराये से रहने वाले शिक्षक को जुए की लत लगी और उस पर कर्जा होता चला गया। इसी से वह जिंदगी हार गया। अब इस मामले में झांसी रोड पुलिस साइबर एक्सपर्ट के साथ मिलकर पड़ताल करेगी। जिससे आनलाइन जुए की जड़ तक पहुंच सके। अभी इस मामले में मर्ग कायम किया गया है। लेकिन जल्द ही इसमें एफआइआर भी दर्ज हो सकती है।
मूल रूप से दतिया के सेंवढ़ा का रहने वाला राजेंद्र दौहरे ग्वालियर स्थित कैंसर हास्पिटल में शिक्षक था। गांव से आकर यहां नौकरी मिल गई थी। इसी बीच आनलाइन जुए की लत ने उसे बर्बाद कर दिया। झांसी रोड थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव बताते हैं वह यहां अकेला ही रहता था। उसने आत्महत्या बीते रोज की। उसका शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। जब पड़ोसी युवक की नजर उस पर पड़ी तब उसने शिक्षक के पिता को सूचना दी। वह ग्वालियर आए फिर पुलिस को सूचना दी गई। यहां बता दें कि आनलाइन जुआ खिलवाने वाले और जिनसे कर्ज लिया था, वह लोग दबाव बना रहे थे। परेशान होकर वह कमरे से बाहर भी नहीं निकलता था। इसी के चलते उसने फांसी लगा ली। फिलहाल इस मामले में मर्ग कायम किया गया है। अब पुलिस जांच के बाद इसमें आगामी कार्रवाई करेगी।
