BJP को झटका-X- MLA के बेटे यादवेंद्र ज्वॉइन की कांग्रेस, सिंधिया के भाजपा में आने से हो रही उपेक्षा

ग्वालियर. विधानसभा चुनाव से पहले ग्वालियर संभाग यानी सिंधिया के गढ़ में BJP को झटका लगा है। अशोकनगर की मुंगावली विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे स्व. राव देशराज सिंह यादव के बेटे यादवेंद्र सिंह यादव आज कांग्रेस में शामिल हो गए। PCC (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) कार्यालय भोपाल में कमलनाथ ने उन्हें सदस्यता दिलाई। दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, जयवर्द्धन सिंह भी मौजूद रहे। यादवेंद्र के साथ उनके समर्थकों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली। वे 500 गाड़ियों का काफिला लेकर आए।

जब से सिंधिया भाजपा में आए, पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा होने लगी
PCC में यादवेंद्र ने कहा, मेरे पिता ने भाजपा को खड़ा करने में बहुत मेहनत की। वर्तमान में मैं, मेरी पत्नी और मां जिला पंचायत सदस्य हैं। हमारे परिवार ने भाजपा की सेवा की, लेकिन जब से सिंधिया भाजपा में आए, पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा होने लगी। भ्रष्टाचार बढ़ता गया। अशोकनगर में स्थिति यह हो गई कि एससी, एसटी, आदिवासियों से जमीन छीन ली गईं। डेढ़-दो किलोमीटर की कॉलोनियां काटी जा रही हैं। जिनके पास कभी चुनाव के लिए पैसा नहीं था, आज वे करोड़ों के मालिक हैं। इससे मन व्यथित था। हमसे जुड़े लोगों को केस लगाकर अंदर किया जा रहा था। अंदर से घुट रहा था। समर्थकों से बात की तो बोले- हम कांग्रेस जॉइन कर लेते हैं। भाजपा की विचारधारा अब नहीं बची। सभी अपने पेट भरने में लगे हुए हैं। भाई अजय यादव के कांग्रेस जॉइन करने के सवाल पर बोले- अजय ही नहीं, मेरे दो लाख भाई-बहन हैं। पूरा मुंगावली विधानसभा क्षेत्र में मेरे भाई-बहन हैं। सिंधिया के खिलाफ चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा- जो पार्टी निर्णय करेगी, वो करेंगे।

पिता देशराज की सिंधिया से नहीं बैठी पटरी
यादवेंद्र के पिता राव देशराज की ज्योतिरादित्य सिंधिया से कभी पटरी नहीं बैठी। देशराज, सिंधिया का खुलकर विरोध करते रहे। 2016 में उनका निधन हो गया था। साल 2020 में सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद से ही यादव परिवार के सदस्यों को कांग्रेस अपनी तरफ जोड़ने के प्रयास में लगी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *