मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के इस्तीफे CM केजरीवाल ने मंजूर किए
नई दिल्ली. दिल्ली में केजरीवाल सरकार के दो मंत्रियों मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने पद से इस्तीफा दे दिया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने दोनों का इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया है। दोनों अलग-अलग मामलों में आरोपी हैं।
शराब नीति केस में CBI हिरासत में हैं सिसोदिया
दिल्ली शराब नीति केस में गिरफ्तार मनीष सिसोदिया को सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली सिसोदिया की अर्जी मंजूर करने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने उन्हें हाईकोर्ट जाने की सलाह दी है। CJI जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने सिसोदिया के वकील से कहा- आपको हाईकोर्ट जाना चाहिए था, सीधे सुप्रीम कोर्ट से जमानत क्यों मांग रहे हैं। यह ठीक परंपरा नहीं है। आम आदमी पार्टी ने इस फैसले पर कहा- हम कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हैं। अब जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की जाएगी।
दिल्ली सरकार का बजट पेश करना था सिसोदिया को
दिल्ली सरकार अगले फाइनेंशियल ईयर के लिए बजट की तैयारी कर रही है। बजट का सारा कामकाज मनीष सिसोदिया ही देख रहे थे। दिल्ली सरकार का बजट आम आदमी पार्टी की सरकार आने के पहले करीब 30 हजार करोड़ रुपए का था, जो अब 75 हजार करोड़ रुपए का हो गया है।
