विकास यात्रा में विधायकों का टेस्ट,भाजपा के 23 विधायक का विरोध, पार्टी को एंटी इनकंबेंसी का डर
भोपाल. मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने अपने विधायकों की जमीनी हकीकत देख ली है। विकास यात्रा के जरिए यह भी देख लिया है कि एंटी इनकंबेंसी कितनी है। इसको लेकर रिपोर्ट भी तैयार हो रही है, जो इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में टिकट का एक आधार भी बनेगी। 23 विधायकों को अपने क्षेत्रों में नाराजगी का सामना करना पड़ा है। यदि इसे एंटी इनकंबेंसी मान लें तो बीजेपी के करीब 20 फीसदी विधायकों के टिकट पर संकट खड़ा हो सकता है। 5 फरवरी से 25 फरवरी तक चली विकास यात्रा का मकसद लोगों को सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देना था। इस सरकारी इवेंट के दौरान विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया गया। इस अभियान का फॉर्मेट इस तरह बनाया गया था कि इसमें विधायक, मंत्री अपने क्षेत्र में लोगों से
सरकारी योजनाओं के बारे में बात करें।
कांग्रेस का दावा है कि 172 विधानसभा क्षेत्रों में लोगों ने विकास यात्रा का विरोध किया, लेकिन बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा इस विरोध को पार्टी के लिए संजीवनी बता रहे हैं। इसी दावे-प्रतिदावे को जानने के लिए प्रदेशभर में विधायकों की विकास यात्रा की पड़ताल की तो सामने आया कि 23 विधायकों को सीधे तौर पर विरोध का सामना करना पड़ा। विधायकों के सामने लोगों ने बुनियादी सुविधाएं जैसे बिजली, सड़क, पानी और आवास जैसे मुद्दे को लेकर नाराजगी जाहिर की। कहीं-कहीं तो विधायकों को अप्रिय स्थिति का सामना करना पड़ा।
टिकट बंटवारे का बनेगा आधार
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक विकास यात्रा के बहाने पार्टी ने अपने विधायकों और टिकट के दावेदारों की लोकप्रियता का आकलन किया। इसके आधार पर भाजपा को चुनाव से जुड़े कुछ बड़े फैसले लेने में आसानी होने वाली है। यात्रा के दौरान दो तरह की एंटी इनकंबेंसी सामने आई। एक सीधे विधायक को लेकर, दूसरी सिस्टम को लेकर। विधायकों को लेकर एंटी इनकंबेंसी का आकलन संगठन स्तर पर किया जा रहा है। यदि विरोध पार्टी की गुटबाजी या कांग्रेस प्रायोजित निकला तो ठीक, नहीं तो प्रत्याशी बदलने पर विचार किया जा सकता है। सिस्टम को लेकर एंटी इनकंबेसी पर जल्द ही उच्च स्तर पर रिव्यू होगा। इसके बाद बड़ी प्रशासनिक सर्जरी भी हो सकती है। बीजेपी का आकलन है कि कुछ विरोध पार्टी की गुटबाजी तो कुछ कांग्रेस प्रायोजित भी रहा। जहां विधायक को लेकर लोगों का गुस्सा सामने आया है, वहां से पार्टी प्रत्याशी बदलने पर विचार कर सकती है।
पार्टी जोखिम उठाने को तैयार नहीं, इस कारण समीक्षा
पार्टी मिशन-2023 के लिए किसी तरह का जोखिम उठाने को तैयार नहीं है। वह 2018 के चुनाव में टिकट देने से जुड़ी गलतियों को भी दोहराना नहीं चाहती है। विकास यात्रा की रिपोर्ट, इसकी सफलता और कार्यकर्ताओं की सहमति से ही इस बार विधानसभा चुनाव का टिकट दिया जाएगा। बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. हितेश वाजपेयी के मुताबिक विकास यात्रा में जनप्रतिनिधि और प्रशासन दोनों जनता के बीच पहुंचे हैं। इसमें हर तरह का फीडबैक प्रचुर मात्रा में मिला है, इस आधार पर जनता के मन की बात को बेहतर तरीके से समझ कर हम आगे की रणनीति तैयार कर पाएंगे।
