अग्निवीर सेना भर्ती परीक्षा, बदले नियम, कॉमन एंट्रेंस एग्जाम पास करने वाले ही दे सकेंगे फिजिकल

ग्वालियर. अग्निवीर सेना भर्ती की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए एक बड़ी खबर है। सेना ने समय की मांग को ध्यान में रखते हुए भर्ती की प्रक्रिया में बदलाव किया है। नए पैटर्न पर उम्मीदवारों को सबसे पहले कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) को क्लीयर करना पड़ेगा। उसके बाद वह फिजिकल और मेडिकल सहित अन्य राउंड में आगे जा सकेगा। यह जानकारी सेना के रिक्रूमेंट सेल के कर्नल संतोष कुमार ने दी है। उन्होंने बताया कि अभी तक यह होता था कि सबसे पहले फिजिकल, मेडिकल और आखिर में परीक्षा होती थी। पर नए बदलाव के तहत पहले कॉमन एंट्रेंस एग्जाम होगा। इससे दो फायदे होंगे कि सेना को ताकत के साथ-साथ स्मार्ट अग्निवीर मिलेंगे जो की समय की मांग है। अब युद्ध के तरीके बदल गए हैं। आमने-सामने के युद्ध काफी कम होते हैं। दूसरा भर्ती के दौरान होने वाले फंसाद लगभग न के बराबर रह जाएंगे। कर्नल संतोष कुमार ने बताया कि बताया कि अब भर्ती का स्वरूप कुछ इस प्रकार रह जाएगा।

घर से ही करा सकेंगे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
कर्नल संतोष कुमार ने बताया कि पहले चरण में वे सभी उम्मीदवार जिन्होंने www.joinindianarmy.nic.in में अपना रजिस्ट्रेशन और आवेदन किया है, केवल वही उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होंगे। दूसरे चरण में विभिन्न राज्यों के भर्ती कार्यालयों द्वारा ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा या कॉमन एंट्रेंस एग्जाम में पास हुए उम्मीदवारों को उनके संबंधित एआरओ द्वारा एक ई-प्रवेश पत्र जारी किया जायेगा, जिसमें रैली भर्ती के दूसरे चरण की तारीख और उसके स्थान की पूर्ण जानकारी दी जाएगी। ये सभी उम्मीदवार शारीरिक मापदंड परीक्षा में शामिल होंगे। शारीरिक मापदंड परीक्षा में पास उम्मीदवारों को मेडिकल टेस्ट देना होगा और उसके बाद मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी और अग्निवीरों को ट्रेनिंग के लिए सेंटर भेजा जाएगा।

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जरुरी, 176 लोकेशन पर होंगी परीक्षा
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 16 फरवरी 2023 से 15 मार्च 2023 तक भारतीय सेना की www.joinindianarmy.nic.in वेबसाइट पर खुला रहेगा। रजिस्ट्रेशन का तरीका पहले जैसा ही होगा। उम्मीदवार अपने आधार कार्ड और 10वीं के सर्टिफिकेट से रजिस्टर हो सकता है। पारदर्शिता के लिए भारतीय सेना की वेबसाइट को Digilocker से लिंक किया गया है। ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम पूरे देश में 176 स्थानों पर की जाएगी।। उम्मीदवार के पास पांच परीक्षा स्थानों के चयन करने का विकल्प होगा और उनको उन विकल्पों में से परीक्षा स्थान दिया जायेगा। रजिस्ट्रेशन में परीक्षा शुल्क के हिस्से के रूप में परीक्षा कराने वाली एजंेसी EDCIL ने ₹ 500/- के शुल्क का भुगतान प्रति उम्मीदवार मांगा था। सेना ने जिसमें से 50% खुद वहन करने का निर्णय लिया है। स्पष्ट है कि उम्मीदवार को 250 रुपए ही चुकाने होंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *