BBC के दिल्ली-मुंबई ऑफिस पर IT का छापा,70 लोगों की टीम पहुंची, स्टाफ के फोन जब्त
नई दिल्ली. बीबीसी के दफ्तर पर आयकर विभाग की छापेमारी चल रही है। इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम दिल्ली और मुंबई समेत 20 जगहों पर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, टैक्स चोरी के मामले में आयकर विभाग की टीम सर्वे कर रही है। टीम ने बीबीसी के दफ्तर को सील कर दिया है और कर्मचारियों को ऑफिस सेबाहर निकलने पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही आयकर विभाग की टीम कर्मचारियों को सिस्टम और मोबाइल इस्तेमाल करने पर भी रोक लगा दी है। आयकर विभाग की छापेमारी जानकारी लंदन स्थित BBC के दफ्तर में दे दी गई है। हालांकि, अभी तक इनकम टैक्स विभाग और बीबीसी की ओर से इसको लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है।
BBC के दिल्ली ऑफिस पहुंची 70 लोगों की टीम
जानकारी के मुताबिक, BBC के दिल्ली ऑफिस पर आयकर की 60 से 70 लोगों की टीम सर्वे के लिए पहुंची है और पुराने खातों को खंगाल रही है। आयकर विभाग की टीम ने कर्मचारियों के फोन बंद करा दिए गए हैं और साथ ही किसी को परिसर में आने-जाने से रोक दिया है। आईटी विभाग की इंटरनेशनल टैक्सेशन विंग बीबीसी पर सर्वे कर रही है। अंतर्राष्ट्रीय कराधान और मूल्य निर्धारण अनियमितताओं के लिए दिल्ली और मुंबई समेत 20 कार्यालयों में सर्वेक्षण किया जा रहा है।
