ग्वालियर में नए साल के जश्न में पी शराब, हवालात में गुजारी रात
ग्वालियर. साल 2022 के आखिरी दिन शहर के होटल, पब और क्लब में जमकर भीड़ रही। नए साल के जश्न की पार्टियां शाम से ही शुरू हो गई थी। इस दिन शराब के नशे में गाड़ी चलाने वाले और नशे में ही हुड़दंग करने वाले माहौल बिगाड़ते हैं, इसलिए पुलिस शाम से ही शहर की सड़कों पर उतर गई। शहर के चौराहों पर चेकिंग हुई। कार और दो पहिया वाहन चालकों की चेकिंग शुरू की गई। शहर के चौराहों पर थानों की पुलिस के साथ ट्रैफिक पुलिस के पाइंट भी लगे थे, जहां ब्रीथ एनालाइजर से चेकिंग चल रही थी।
शहर के आउटर और हाइवे पर ढाबों पर चेकिंग की
शनिवार शाम से ही सड़कों पर पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ चेकिंग में लग गए। शहर के आउटर और हाइवे पर स्थित ढाबों पर चेकिंग की। शराब पीकर जो गाड़ी चलाते मिले, इन्हें थाने भिजवाया गया। कोर्ट से इन पर जुर्माना लगाया जाएगा। शहर के गोला का मंदिर चौराहा, बारादरी चौराहा, फूलबाग चौराहा,हजीरा चौराहा, पड़ाव चौराहा, होटल तानसेन तिराहा, स्टेशन बजरिया, इंदरगंज चौराहा, नदीगेट चौराहा, चार शहर का नाका, किलागेट तिराहा, महाराज बाड़ा, माधोगंज चौराहा, कंपू ईदगाह तिराहे पर चेकिंग पाइंट लगाए गए। इसके अलावा होटल, पब के आसपास पेट्रोलिंग चलती रही। रात को एसएसपी अमित सांघी भी शहर में चेकिंग व्यवस्था देखने के लिए निकले। उन्होंने रात 9 बजे से 10 बजे तक रेडियो टाक पर पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए।

