पर्यटन काे बढ़ावा देने के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं, मार्च तक पर्यटकों के लिए खोला जा सकता है कूनो अभयारण्य
ग्वालियर. ग्वालियर-चंबल संभाग में पर्यटन की बहुत संभावनाएं हैं। श्योपुर-कूनो अभयारण्य के चीते आने के बाद और अब माधव नेशनल पार्क में बनने जा रहे टाइगर रिजर्व से पर्यटकों में आकर्षण बढ़ेगा। आने वाले दिनों में दोनों ही स्थानों पर आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलें। इसके लिए सभी विभाग अपने स्तर पर सुविधाएं जुटाने का काम करें। ये निर्देश संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने पर्यटन विकास के लिए आयोजित बैठक में दिए। सिंह ने कहा है कि कूनो में आए चीतों को लोगों के लिए मार्च तक खोलने की संभावनाएं हैं। यहां पर्यटकों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए अभी से सार्थक प्रयास किए जाएं। साथ ही खाने-पीने की व्यवस्थाओं के लिए स्थल विकसित किए जाएं।
संभागीय आयुक्त ने यह भी कहा है कि कलेक्टर शासकीय भूमि को चिन्हित कर पर्यटन विकास निगम को आवंटित करें। ताकि वहां पर अच्छे कॉटेज और रेस्टोरेंट का निर्माण किया जा सकें। उन्होंने यह भी कहा कि पर्यटन स्थल पर जिस प्रकार आधुनिक टेंट लगाकर पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था की जाती है, उसी प्रकार की व्यवस्थाएं शिवपुरी और कूनाे में भी की जाएं।
सीसीएफ ग्वालियर अरूण कुमार ने बताया कि कूनो में आठों चीतों को देखने के लिए पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और उनको बेहतर सुविधाएं मिलें, इस दिशा में वन विभाग के माध्यम से विशेष प्रयास भी किए जा रहे हैं। कूनाे अभयारण्य के तीनों गेटों पर व्यवस्थाओं को और बेहतर करने का कार्य किया जा रहा है। बैठक में शिवपुरी कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि माधव नेशनल पार्क में टाइगर रिजर्व का प्रोजेक्ट आने से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी। श्योपुर कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि कूनो में चीतों के आने से पर्यटकों की संख्या अवश्य बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूहों से भी पर्यटकों को सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जाएंगे।
