बस हादसे में 9 छात्रों की मौत और 40 घायल, 5 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान
मणिपुर. नोनी जिले में एक भीषण सड़क हादसे में 9 छात्रों की मौत हो गई, जबकि 40 घायल हो गये। मिली जानकारी के मुताबिक थम्बलनू हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों को लेकर जा रही दो बसें हादसे का शिकार हो गईं। ये बसें एजुकेशन टूर पर खौपुम की ओर जा रही थीं, तभी यह दुर्घटना हुई। घायल छात्रों को इलाज के लिए इंफाल के मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया है। शाम को मुख्यमंत्री ने अस्पताल का दौरा किया और घायल छात्रों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने मरने वाले छात्रों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये के मुआवजे का भी ऐलान किया है। राज्य सरकार ने खराब मौसम और कोहरे को देखते हुए स्कूलों को 10 जनवरी तक ऐसे टूर ऑर्गेनाइज नहीं करने का निर्देश दिया है।
ये दुर्घटना लोंगलों साई तुबुंग गांव के पास बिष्णुपुर-खौपुम रोड पर हुई। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने भी इस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने एक वीडियो ट्वीट कर कहा,आज ओल्ड कछार रोड पर स्कूली बच्चों को ले जा रही बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। बचाव अभियान में समन्वय के लिए SDRF, मेडिकल टीम और विधायक घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। बस में सभी की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।
