MP में खालिस्तानी समर्थक भिंडरांवाले का फोटो लगाने पर गिरफ्तार
जबलपुर. क्राइम ब्रांच पुलिस ने खालिस्तानी समर्थक का फोटो लगाने पर एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक 19 दिसंबर को रांझी में गुरु गोविंद सिंह की जयंती पर चल समारोह में ट्रैक्टर के साथ पहुंचा था। आरोप है कि युवक कथित तौर पर खालिस्तानी समर्थक जरनैल सिंह भिंडरांवाले का फोटो ट्रैक्टर पर लगाए हुए थे। सूत्रों के मुताबिक रांझी इलाके के रावण पार्क निवासी प्रभजोत सिंह उर्फ जस को क्राइम ब्रांच पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि प्रभजोत सिंह ने चल समारोह के दौरान जरनैल सिंह भिंडरांवाले के गाने भी ट्रैक्टर में लगे म्यूजिक सिस्टम पर बजाए थे। चल समारोह में शामिल हुए आयोजन समिति के सदस्यों ने प्रभजोत को ऐसा करने से मना भी किया था।
ट्रैक्टर के पीछे जर्नेल सिंह का फोटो, लिखा- नो कम्पटीशन
सूत्रों ने बताया कि गुरु गोविंद सिंह जयंती चल समारोह में शामिल हुए प्रभजोत ने ट्रैक्टर में पीछे जरनैल सिंह भिंडरांवाले का फोटो लगाया था। इतना ही नहीं, फोटो का कैप्शन लिखा था- नो कम्पटीशन।
प्रभजोत के खालिस्तान कनेक्शन की कर रहे जांच
SP जबलपुर सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि प्रभजोत सिंह को गिरफ्तार किया है। वह सिख समाज के एक कार्यक्रम में ट्रैक्टर पर खालिस्तान समर्थक जरनैल सिंह भिंडरांवाले का फोटो लगाकर पहुंचा था। इसके अलावा म्यूजिक सिस्टम पर खालिस्तान समर्थक के गाने भी बजाए थे। इस मामले में प्रभजोत के खालिस्तानी कनेक्शन की इंवेस्टिगेशन की जा रही है।
