GWALIOR के रिहायशी इलाके में तेंदुआ, आधी रात गली में टहलता नजर आया तेंदुआ
ग्वालियर. सिकंदर कंपू स्थित मस्जिद वाली गली में आधी रात को एक खूंखार तेंदुआ टहलता हुआ दिखा। जिसके बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। यह पूरी घटना एक घर में लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। रात 1.13 बजे तेंदुआ गली में आता है और ऐसे टहलता है जैसे जंगल में विचरण कर रहा हो। इसके बाद वह लोगों को दरवाजों पर खोलने का प्रयास करता है। इस दौरान गली के श्वान उस पर भौंकते हुए नजर आ रहे हैं। करीब 1 मिनट 29 सेकंड गली में रहने के बाद वह बाहर की तरफ चला जाता है। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला है। अब यह CCTV फुटेज वायरल हो रहा है। वन विभाग के अमले ने मौके पर पहुंचकर तेंदुआ के पंजे के फोटोग्राफ्स लिए हैं। साथ ही CCTV फुटेज लेने के बाद उसकी छानबीन शुरू कर दी है। पता लगाया जा रहा है कि वह यहां आया कैसे।
खिड़की से झांक कर देखा तो उसके होश उड़ गए
शहर के सिकंदर कंपू इलाके में मंगलवार सुबह से एक CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें एक बड़ा सा तेंदुआ गली में टहलता हुआ नजर आ रहा है। पहले तो यह CCTV लगा किसी अन्य शहर का है, लेकिन फुटेज के साथ एक मैसेज भी वायरल है जिसमें यह CCTV फुटेज शहर के सिकंदर कंपू मस्जिद वाली गली का बताया गया है। जिसके बाद दहशत का माहौल है। बताया गया है कि मस्जिद वाली गली में रात करीब सवा एक बजे अचानक कुत्तों के भौंकने की आवाज आ रही थी। एक साथ कई स्ट्रीट डॉग एक ही दिशा में भौंक रहे थे। जब एक स्थानीय नागरिक ने खिड़की से झांक कर देखा तो उसके होश उड़ गए। एक बड़ा का तेंदुआ गली में टहल रहा था। यह देख वह दंग रह गया। इसके बाद वह घबरा गया और आसपास के लोगों को कॉल कर सूचना दी। पर जब तक तेंदुआ जा चुका था। सुबह होते ही यह बात वायरल हो गई।
CCTV फुटेज में दिखा तेंदुआ
सुबह लोगों में यह चर्चा जोड़ पकड़ने लगी। किसी ने विश्वास किया तो किसी ने नहीं। इसके बाद गली में दीपक कुशवाह के घर के बाहर लगे CCTV कैमरों को खंगाला गया तो बात सच निकली। रात 1.13 बजे एक तेंदुआ गली में विचरण करते हुए CCTV में कैद हुआ है। करीब एक मिनट 29 सेकंड तक यह तेंदुआ गली में रहा और इसके बाद जैसे आया था वैसे ही गायब हो गया। इसके बाद मामले की सूचना वन विभाग को दी गई। वन विभाग की टीम ने सर्चिंग शुरू कर दी है। सिंकदर कंपू इलाके के आसपास के घनी झाड़ियों वाले एरिया में सर्चिंग की जा रही है।
