ग्वालियर में स्वीकृत कार्य समय पर नहीं हुए तो नपेंगे ठेकेदार
ग्वालियर. ग्वालियर-चंबल संभाग में स्वीकृत निर्माण कार्यों को समय पर पूर्ण न करने वाले ठेकेदारों के विरुद्घ दंडात्मक कार्रवाई होगी। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों की भी जवाबदारी तय की जाएगी। संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने विभिन्न निर्माण विभागों के कार्यों की समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए हैं। बैठक में लोक निर्माण विभाग की पीआइयू सेल, पुलिस हाउसिंग, आरइएस एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।
संभागीय आयुक्त दीपक सिंह ने निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण विभाग यह सुनिश्चित करें कि स्वीकृत निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में और पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरे हों। जो निर्माण कार्य पूर्ण हो गए हैं उन्हें संबंधित विभाग को हैंडओवर करने का अभियान चलाया जाए और एक माह में सभी कार्य हैंडओवर किए जाएं। संभागीय आयुक्त ने समीक्षा के दौरान दो़ तीन वर्षों से लंबित निर्माण कार्यों के संबंध में कहा कि संबंधित ठेकेदार के विरुद्घ दंडात्मक कार्रवाई करने के साथ ही संबंधित अधिकारियों की भी जवाबदेही तय की जाए।

