बदमाशों ने युवक पर दागी गोलियां, इमरती देवी ने थाना घेरा, टीआई को हटाने की मांग
डबरा. बुधवार रात हुई युवक की हत्या के बाद मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पूर्व मंत्री इमरती देवी के नेतृत्व में बघेल समाज के सैकड़ों लोग थाने तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे और अंदर धरने पर बैठ गए। धरना दे रहे लोगों ने पुलिस-प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। इस दौरान काफी देर तक हंगामा चलता रहा। परिजनों की मांग थी कि आरोपियों के घर तोड़े जाएं। इमरती देवी ने इस मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी बात की। सिंधिया ने इमरती को आश्वासन दिया कि आरोपियों के मकान तोड़ने की दिशा में भी कार्रवाई होगी और थाना प्रभारी को भी हटाया जाएगा। इसके बाद पूर्व मंत्री ने धरना खत्म किया।
आरोपियों के मकान तोड़ने की मांग
वारदात के बाद गुरुवार सुबह पूर्व मंत्री इमरती देवी मृतक के परिवार के साथ पहले पीएम हाउस, फिर थाना परिसर में धरने पर बैठ गईं। उन्होंने आरोपियों के मकान तोड़ने और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। दिनभर चले घटनाक्रम के बाद शाम को पुलिस ने 2 नाबालिग सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसके बाद भी इमरती देवी थाना प्रभारी को हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठी रहीं।
सिंधिया ने दिया टीआई को हटाने का आश्वासन
पूर्व मंत्री इमरती देवी सुबह से ही पीड़ित परिवार के साथ धरने पर बैठी रहीं। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में युवा भी थाने के अंदर धरने पर बैठ गए। पूर्व मंत्री ने आरोपियों के घर तोड़ने की मांग की, जिस पर प्रशासन राजी नहीं हुआ। उन्होंने थाना प्रभारी को हटाने की मांग की, उस पर भी प्रशासन ने निर्णय नहीं ले पाया। इसी बीच सभी आरोपियों के गिरफ्तार होने की खबर आ गई, तब जाकर मामला थोड़ा नरम पड़ा। इमरती देवी ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से बात की। उसके बाद उन्होंने बताया कि महाराज ने आश्वासन दिया है कि मकान तोड़ने की दिशा में भी कार्रवाई होगी और थाना प्रभारी को भी हटाया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी चर्चा करने की बात कही थी, लेकिन मुख्यमंत्री से बात नहीं हो पाई थी।

