दूसरा दिन -DRDE ग्वालियर में 3 दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन
ग्वालियर रक्षा अनुसंधान तथा विकास स्थापना 16 से 18 नवंबर 2022 के दौरान Chem-bio defence : futuristic tools and technology (रसायन-जैव रक्षा : भविष्योन्मुख उपकरण एवं प्रौद्योगिकी) विषय पर एक राष्ट्रीय सम्मेलन के दूसरे दिन कुल 4 वैज्ञानिक सत्रों का आयोजन हुआ, जिनमें 11 आमंत्रित व्याख्यान दिए गए। इन चार सत्रों की अध्यक्षता क्रमश: DRDE के पूर्व निदेशक प्रोफेसर एम.पी. कौशिक, डॉक्टर लोकेंद्र सिंह, डॉ डी.के. दुबे, इनमास दिल्ली के निदेशक डॉक्टर ए. के. मिश्रा, डॉक्टर के. वेंकटेश्वरण, डॉक्टर के. गणेशन एवं डॉ. विपुल गुप्ता ने की।
कुल 11 आमंत्रित व्याख्यान में रसायन-जैव रक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्रस्तुतियां एवं विचार – विमर्श हुआ। आई.आई.टी. रुड़की के प्रोफेसर परविंदर कुमार ने ‘रासायनिक युद्धक एजेंटों से बचाव में एंजाइम का महत्व’ विषय पर व्याख्यान दिया, वही डी.आर.डी.ओ. के जैवविज्ञान निदेशालय के निदेशक (पी.एम.) डॉ डी.टी.सेल्बम ने ‘सशस्त्र सेनाओं के लिए जैव निदेशालय का योगदान’ विषय पर प्रस्तुति दी। इनमास दिल्ली के निदेशक डॉक्टर अनिल कुमार मिश्रा ने ‘टूल टैक्नोलॉजीज़ एण्ड ट्रेसर्स इन लाइफ इमेजिंग’ विषय पर प्रस्तुति दी, वहीं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान दिल्ली के डॉ सूर्य प्रकाश ने ‘भारतीय परिदृश्य में रसायन-जैव आपदा का शमन’ विषय पर व्याख्यान दिया। इसके अलावा डॉ. वी. रामनाथन, आई आई टी बनारस, डॉ. मैनुद्दीन, जामिया मिलिया इस्लामिया तथा डॉ. आर. नारायणन, इंडियन कैमिकल काउंसिल ने भी अपने व्याख्यान दिए। डॉ. प्रज्ञा यादव, एन.आई.बी. पुणे ने बायोसर्विलेंस फॉर डिटेक्शन और बायो टैररिज़्म एण्ड हैल्थ इमरजेंसी’ पर अपना सारगर्भित व्याख्यान दिया। देर शाम तक अनवरत चलते रहे इन व्याख्यानों में समस्त प्रतिभागियों के अलावा डीआरडीई ग्वालियर के समस्त वैज्ञानिक एवं शोध छात्र-छात्रायें मौजूद रहे।
सम्मेलन स्थल पर ही वैज्ञानिक पोस्टर प्रदर्शनी भी चल रही है, जिसका अवलोकन सम्मेलन में पधारे प्रतिभागियों ने किया। ये पोस्टर विभिन्न वैज्ञानिक शोध पर आधारित हैं, जिन्हें DRDE के वैज्ञानिकों एवं शोध छात्र-छात्राओं ने तैयार किया है। सर्वश्रेष्ठ पोस्टर एवं प्रस्तुति को सम्मानित भी किया जाएगा। आज डॉ. उपेन्द्र कुमार सिंह, महानिदेशक (जैवविज्ञान) एवं DRDE के निदेशक डॉ. मनमोहन परीडा ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कल सम्मेलन के अंतिम और तीसरे दिन भी तीन सत्रों का आयोजन है, जिनमें व्याख्यान जारी रहेंगे एवं सम्मेलन का समापन होगा।
