बुलडोजर में मकान में न हो अधिक नुकसान, इसलिए स्वयं ही अपने घरों को तोड़ने लगे लोग

ग्वालियर. किला गेट से सेवा नगर के बीच रोड चौड़ीकरण में बाधक कुल 244 संपत्तियों को नोटिस जारी कर दिया गया है। इसके अलावा लगातार दूसरे दिन मकानों पर लाल निशान भी लगाए गए। रविवार को नगर निगम अमले द्वारा की गई तोड़फोड़ की दहशत के चलते लोगों ने खुद ही अपने मकान तोड़ने शुरू कर दिए हैं। सुबह से ही लोगों ने अपने मकान और दुकानें खाली करना शुरू कर दिया। यहां किसी भी तरह का विरोध प्रदर्शन या हंगामा न हो, इसको देखते हुए पुलिस बल भी तैनात किया गया है। लोगों द्वारा स्वयं ही अपना मकान तोड़ना शुरू करने पर नगर निगम ने यहां सुविधा की दृष्टि से मलबा उठाने के लिए जेसीबी और डंपर भी तैनात कर दिए हैं।
किला गेट चौराहे पर 17 संपत्तियों को तोड़ने के बाद निगम अमले ने किला गेट से सेवा नगर पुलिया तक 244 संपत्तियों की तोड़फोड़ से पहले छह घंटे की अवधि के नोटिस चस्पा कर लाल निशान लगा दिए हैं। लोगों ने अपने घरों के बाहर लाल निशान देखे, तो निशान के साथ लिखी माप के मुताबिक अपने मकान खुद ही तोड़ना शुरू कर दिए। नगर निगम के अधिकारी गुरुवार को लोगों को और मौका देंगे। अगर उसके बाद भी बाकी लोगों ने स्वयं अपने निर्माण तोड़ने शुरू नहीं किए, तो निगम का अमला शुक्रवार को मौके पर कार्रवाई करेगा। सहायक सिटी प्लानर बृजकिशोर त्यागी ने बताया कि लोगों को समझाइश दी गई है कि वे खुद ही अपने मकानों को तोड़ लें। यदि वह खुद मकानों को नहीं तोड़ते हैं, तो निगम कार्रवाई करेगा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किला गेट पर दिया धरना
गत रविवार को किला गेट पर की गई तोड़फोड़ से प्रभावित व्यापारियों और परिवारों के विस्थापन और मुआवजे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए धरने में प्रदेश महासचिव सुनील शर्मा ने कहा कि ऊर्जा मंत्री जब कांग्रेस में थे, तो कहते थे कि आपकी एक इंच भी जगह नहीं जाने दूंगा। एक इंच तोड़ा गया तो यह शासन प्रशासन पाप करेगा, लेकिन आज वे इस्तीफा देने का ड्रामा कर जनता को बरगला रहे हैं। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष मुनेंद्र भदौरिया, पार्षद शकील मंसूरी सहित प्रदेश सचिव शील खत्री, ओमप्रकाश पुष्प, पार्षद माठू यादव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीनू परिहार सहित अन्य कार्यकर्ता व स्थानीय निवासी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *