MP में बोदरली से भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री, डेढ़ लाख लोग करेंगे स्वागत, कांग्रेसियों के खेत में खड़े होंगे राहुल के 60 कंटेनर

भोपाल. कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को बुरहानपुर जिले के ग्राम बोदरली से मप्र में प्रवेश करेगी। वे महाराष्ट्र में जलगांव के जामोद से होते हुए 20 नवंबर को शाम 7.30 बजे बोदरली पहुंचेंगे। बोदरली मप्र-महाराष्ट्र की सीमा से लगा गांव है। इससे महज कुछ दूरी पर ही महाराष्ट्र का ग्राम करोली लगता है। राहुल गांधी कन्याकुमारी से कश्मीर तक कुल 3570 किलोमीटर की पैदल यात्रा करेंगे। जब राहुल बोदरली पहुंचेंगे, तब तक वह यात्रा के 2000 किमी पूरे कर चुके होंगे। यात्रा के साथ-साथ 60 कंटेनर भी चल रहे हैं, जिन्हें खड़ा करने के लिए गांव में कांग्रेसी कार्यकर्ता की 10 एकड़ कृषि भूमि काे समतल किया जा रहा है।  राहुल गांधी की इस यात्रा में हाल ही में कुछ परिवर्तन हुआ है। वे 20 नवंबर को बोदरली पहुंचकर 21 को आराम करेंगे। 22 को वे गुजरात पहुंचकर चुनाव प्रचार करेंगे। रात में वापस लौटेंगे और फिर 23 नवंबर को बोदरली से भारत जोड़ो यात्रा निकलेगी जो बुरहानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचेगी। यहां से यात्रा खंडवा की ओर रवाना हो जाएगी।

60 कंटेनरों के लिए समतल हो रही 10 एकड़ जमीन
राहुल की यात्रा के साथ 60 कंटेनर चल रहे हैं। इन्हीं कंटेनर में राहुल गांधी समेत उनके साथ चल रहे लोग विश्राम करते हैं। इन्हें खड़ा करने के लिए गांव के बाहर 10 एकड़ कृषि भूमि को चिह्नित किया गया है। यह जमीन बुरहानपुर के संदीप मुंदड़ा और बोदरली के सुधीर रामराव पाटिल की है। दोनों ही कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं और इन खेतों में किसी प्रकार की फसल नहीं बोई गई थी। इस जमीन को समतल करने के लिए रात-दिन जेसीबी-ट्रैक्टर दौड़ रहे हैं। राहुल गांधी के कंटेनर को खड़ा करने के लिए खेत के बीच वाले स्थान को चुना गया है। उनका कंटेनर खेतों के बीचों-बीच खड़ा होगा। जबकि आसपास अन्य कंटेनर होंगे। मुख्य मार्ग के ठीक सामने भी सुरक्षा व्यवस्था की पूरी तैयारी रहेगी।

पहले दिन 14 किमी पैदल चलेंगे राहुल
भारत जोड़ो यात्रा के तहत 23 नवंबर को सुबह पहले चरण में राहुल गांधी के 14 किलोमीटर तक पैदल चलने की संभावना है। इस दौरान हजारों की संख्या में ग्रामीण मुख्य मार्ग के दोनों ओर इकट्ठा होकर राहुल गांधी का स्वागत करेंगे। स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में कीर्तन मंडली और अखाड़े भी सम्मिलित रहेंगे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *