भास्कर ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम में पीडीएस खाद्यान्न के संदेह में एफआईआर दर्ज
ग्वालियर. क्राइम ब्रांच को मिली टिप के बाद एसडीएम प्रदीप तोमर के निर्देश पर सहायक आपूर्ति अधिकारी विपिन श्रीवास्तव, तहसीलदार शिवदयाल धाकड़, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी महावीर सिंह राठौर ने भास्कर निरीक्षण किया था। ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग-6 में संचालित इस फर्म के गोदाम में सरकारी बारदाने में रखा गेहूं और चावल मिला था। इसको लेकर जवाब देने के लिए न तो फर्म के मालिक पंकज अग्रवाल खुद मौके पर आए और न ही खाद्यान्न की खुले बाजार से खरीद के दस्तावेज ही भिजवाए हैं। दो दिन जांच के बाद कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी महावीर सिंह राठौर के आवेदन के आधार पर बहोड़ापुर पुलिस ने दीनदयाल नगर निवासी भास्कर ट्रेडिंग कंपनी के संचालक पंकज अग्रवाल द्वारा मध्यप्रदेश सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश 2015 कंडिका 13 (2) का उल्लंघन मानकर व्यापारी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1055 की धारा 3/7 के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया है।
इतने खाद्यान्न के नहीं मिले दस्तावेज
गोदाम में 90 बोरी गेहूं, 240 बोरी चावल, 500 बोरी ज्वार और 500 बोरी बाजरा रखा मिला है। इस खाद्यान्न की खरीद और बिक्री के दस्तावेज नहीं मिले हैं। जबकि गोदाम पर मिले कर्मचारियों ने पूरा अनाज मंडी और मार्केट से खरीदने की बात कही थी। इसके अलावा गोदाम के बाहर रखे वाहन क्रमांक एमपी07एचबी7050 में 67 बोरी और एमपी07जीए3248 में 29 बोरी चावल मिला था। यह खाद्यान्न पीडीएस का होने का संदेह व्यक्त किया गया है। खाद्यान्न को फर्म के मुनीम की सुपुर्दगी में रखवाकर सील किया गया था। खाद्यान्न शासकीय बारदाने में भरा मिला है और बगैर शासकीय छापे के बारदाने में भी खाद्यान्न रखा मिला।
एफआईआर में पता गलत, एक फर्म छोड़ी
पंकज अग्रवाल के कर्मचारी अनिल गुप्ता ने जांच टीम को बताया था कि भास्कर ट्रैडिंग कंपनी की मुख्य गद्दी दाल बाजार में है। रसीद बुक में फर्म का पता सी-8 लक्ष्मीपुरम ट्रांसपोर्ट नगर दर्शाया गया है। इसी पते पर एक अन्य फर्म सागर इंटरप्राइजेज भी पंजीकृत मिली है। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने एफआईआर में भास्कर ट्रेडिंग कंपनी का पता सी-8 की बजाय सी-7 लिखाया है। इसके साथ ही सागर इंटरप्राइजेज के रसीद कट्टे मिलने के बाद भी इस फर्म का उल्लेख एफआईआर में नहीं कराया है।
