श्योपुर जिले के कूनो-पालपुर अभ्यारण्य पहुँचकर प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों का लिया जायजा
ग्वालियर मुख्यमंत्री रविवार को अल्प प्रवास (ट्रांजिट विजिट) पर ग्वालियर आए। मुख्यमंत्री श्री चौहान दोपहर लगभग 12 बजे राजकीय विमान द्वारा यहाँ राजमाता विजयाराजे सिंधिया विमानतल महाराजपुरा पहुँचे।
मुख्यमंत्री यहाँ से केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर तथा केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव के साथ हैलीकॉप्टर द्वारा श्योपुर जिले के कराहल एवं कूनो-पालपुर अभ्यारण्य के लिये रवाना हुए। उनके साथ केन्द्र एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी भी भ्रमण पर गए।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में 17 सितम्बर को श्योपुर जिले के विकासखण्ड मुख्यालय कराहल और कूनो-पालपुर अभ्यारण्य में आयोजित होने जा रहे कार्यक्रमों की तैयारियों का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री अपरान्ह लगभग 3.30 बजे वापस ग्वालियर लौटे और विमान द्वारा इंदौर के लिये प्रस्थान किया। केन्द्रीय मंत्री द्वय नरेन्द्र सिंह तोमर व भूपेन्द्र यादव तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी उनके साथ वापस ग्वालियर आए।
ज्ञात हो प्रधानमंत्री 17 सितम्बर को कूनो-पालपुर अभ्यारण्य को अफ्रीका के नामीबिया से आ रहे चीते सौंपेंगे। साथ ही कराहल में आयोजित महिला स्व-सहायता समूहों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक डी श्रीनिवास वर्मा, कलेक्टर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमित सांघी, नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल व एडीएम इच्छित गढ़पाले सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
