जनकताल हुआ सरकारी और बनेगा पिकनिक स्पॉट, जनकताल सिंधिया राजघराने का पिकनिक स्पॉट
ग्वालियर. सबसे पुराने और ऐतिहासिक तालाब जनकताल को प्रशासन ने निजी हाथों में जाने से बचा लिया है। आपको बता दें कि जनकताल और इसकी 11 बीघा जमीन खसरे में सरकारी दर्ज हो गयी है। 7 माह पूर्व ही कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रमसिंह ने इस जमीन को सरकारी करने के आदेश दिये थे। हालांकि उस समय जांच के चलते यह मामला टल गया था। अब जाकर प्रशासन ने जनकताल को खसरे में सरकारी दर्ज कर लिया है। सरकारी होने के बाद भी ग्वालियर के इस मशहूर पर्यटनस्थल को विकसित किया जा सकेगा।
क्या है पूरा मामला
जनकताल वर्ष 2007 तक सरकारी अभिलेखों में सरकारी जमीन के तौर पर दर्ज था। लेकिन आरोप है कि वर्ष 2008 में बहोड़ापुर क्षेत्र के राजस्व अधिकारियों ने अलग-अलग स्याही और हैंड राइटिंग से यह जमीन निजी लोगों के नाम पर चढ़ा दी। जिसकी जानकारी अधिकारियों को हुई तो उन्होंने जमीन को खसरे में सरकारी करने के आदेश दिये। अब मंगलवार को यह जमीन सरकारी अभिलेखों में दर्ज हो गयी।
सिंधिया घराने का रहा है पिकनिक स्पॉट
ग्वालियर का जनकताल करीब ढाई सौ साल पुराना है। इसका निर्माण सिंधिया राजवंश के जनकोजीराव सिंधिया के नाम पर हुआ था। जनकताल में पांच बारादरी बनी हुई हैं। जिनमें से 4 चारों दिशाओं में और एक तालाब के बीच में स्थित है। माना जाता है कि जनकताल सिंधिया राजघराने का पिकनिक स्पॉट था और सिंधिया राजघराना यहां छुट्टी बिताने आता था। यहां एक पहाड़ भी है, जहां से पानी बहकर जनकताल में आता था। आज जनकताल आस्था का केंद्र भी है, जहां गणेश विसर्जन, माता विसर्जन के साथ ही मुस्लिम समुदाय ताजिया का विसर्जन भी करता रहा है। कलेक्टर ने बताया कि इस तालाब का सौंदर्यीकरण करके इसका मूल स्वरूप लौटाया जाएगा। जनकताल की जमीन पर एक मंदिर और गौशाला भी मौजूद है। अब सरकार इस पूरी जगह का सौंदर्यीकरण कर सकेगी।
