CBN और क्राइम ब्रांच ने 1 करोड़ का गांजा पकड़ा, आंधप्रदेश से यूपी ले जा रहा था 260 किलो गांजा

ग्वालियर. सेन्ट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (CBN) और क्राइम ब्रांच ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर 260 किलो गांजा पकड़ा है। यह गांजा दतिया के पास डगराई टोल पर एक यूपी रजिस्ट्रेशन नम्बर के ट्रक से पकड़ा गया है। ट्रक में गमलों के बीच में यह माल छिपाकर आंधप्रदेश से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा था। गांजा तस्करी की खबर नारकोटिक्स विभाग व ग्वालियर पुलिस अधीक्षक को एक साथ मिली थी। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से कार्यवाही कर दतिया में यह ट्रक पकड़ा है। बरामद गांजे की कीमत एक करोड़ रूपये के आसपास बताई जा रही है। यह हाल हीमें हुई सबसे बड़ी कार्यवाही है। गांजा के साथ ट्रक चालक भी पकड़ा गया है। जिसे हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया गया है और पूछताछ की जा रही है।
दतिया हाइवे पर डगराई टोल पर ट्रक पकड़ा
सेन्ट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स और ग्वालियर पुलिस लगातार नशीला पदार्थ की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसीक्रम में बुधवार को नारकोटिक्स व क्राइम ब्रांच को खबर मिली थी कि काफी बड़ी मात्रा में गांजे की खेप यूपी में ठिकाने लगाने ले जाई जा रही है। खबर मिलते ही क्राइम ब्रांच के एएसआई राजीव सोलंकी और नारकोटिक्स विभाग की ओर से रजनीश शर्मा के विभाग की टीमों ने ट्रक की घेराबंदी की और दतिया हाइवे पर डगराई टोल के पास एक ट्रक को पकड़ा और उसकी तलाशी में 260 किलो गांजा बरामद हुआ है। ट्रक को निगरानी में लेकर नारकोटिक्स ब्यूरो और क्राइम ब्रांच की टीमें पड़ताल में जुट गयी है। ऐसा बताया जा रहा है कि ट्रक की मदद से काफी समय से तस्करी का यह खेल चल रहा था और अब क्राइम ब्रांच व नारकोटिक्स ब्यूरो इसकी भेजने वाले और मंगाने वाले की पड़ताल में जुटी हुई है।

आन्ध्र प्रदेश से उत्तर प्रदेश जा रहा था गांजा

पुलिस ने जब ट्रक को पकड़ा तो पहले तो एक नजर में कुछ नहीं मिला। ट्रक में सिर्फ सीमेंट के गमले ही गमले भरे थे, लेकिन उनके बीच में घास और कुछ पैकेट नजर आए। जब क्राइम ब्रांच व नारकोटिक्स के अफसरों ने तलाशी ली तो 120 पैकेट में करीब 260 किलो गांजा पकड़ा गया है। यह आंध्र प्रदेश से उत्तर प्रदेश के शहरा में सप्लाई होने जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *