बाड़मेर के भीमड़ा गांव में फायटर प्लेन मिग क्रैश, दोनों पायलट का निधन
बाड़मेर. राजस्थान के बाड़मेर के गांव में भीमड़ा में वायुसेना का लड़ाकू विमान मिग क्रैश हो गया है। मिग क्रैश होने के बाद मलबे में आग लग गयी है। घटनास्थल पर प्रशासन की टीमें रवाना हो गयी है। घटनास्थल के लिये डीएम और एसपी भी रवाना हो गये हैं। मिग क्रैश होने के बाद 1 किमी के दायरे में मलबा बिखरा हुआ है। यह विमान क्रैश बायतू थाना क्षेत्र के भीमड़ा गांव में हुआ है। ऐसा बताया जा रहा है कि मिग क्रैश में दोनों पायलट शहीद हो गये है।
घटना के कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिसमें हादसे के बाद घटनास्थल पर विमान के मलबे में आग लगी हुई है। जमीन पर एक बॉडी भी दिख रही है। उसका शरीर जला हुआ है। पास ही उसका मोबाइल भी गिरा हुआ है। स्थानीय लोग प्रशासन के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हुए हैं।
3 किमी तक सुनाई दी धमाके की आवाज
MiG-21 क्रैश के धमाके से करीब तीन किलोमीटर का इलाका दहल उठा। वहीं, भीमड़ा गांव से करीब 2 किलोमीटर दूर इशरा मौका तला गांव छावनी में तब्दील कर दिया गया है। इस गांव के निवासी ओम प्रकाश कोडेचा ने बताया- रोज की तरह लोग खाना खाने के बाद सोने की तैयारी में थे। इतने में आसमान में आग का गोला दिखाई दिया। कुछ देर बाद ही तेज धमाका हुआ।
यह देखकर गांव वाले घटनास्थल की ओर दौड़े। मौके पर आग की लपटें उठ रही थीं। 2 लोगों की बॉडी पड़ी थीं। हादसे के करीब 45 मिनट बाद पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

मिग-21 ने उतरलाई से उड़ान भरी थी। भीमड़ा के पास अचानक विमान में तकनीकी खराबी आ गई। बताया जा रहा है कि मिग रेत के एक टीले पर जाकर क्रैश हुआ। फ्यूल होने की वजह से इसमें आग लग गई। क्रैश होने के दौरान पायलटों का पैराशूट खुल नहीं पाया था।यह भी सामने आ रहा है कि हादसे के दौरान एक मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि, अधिकारियों की ओर से इसकी अभी तक पुष्टि नहीं की गई है।

वायु सेना ने दिया कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश
वायु सेना ने दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया है। साथ ही, जान गंवाने वालों के परिवार के प्रति शोक संवेदना जताई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी से हादसे को लेकर बातचीत की।
राजस्थान में 8 साल में 7 फाइटर जेट क्रैश
12 फरवरी 2013: उत्तरलाई से महज 7 किमी. दूर अनाणियों की ढाणी कुड़ला के पास मिग-21 क्रैश, पायलट सुरक्षित।
7 जून 2013: उत्तरलाई से 40 किमी. दूर सोडियार में मिग-21 क्रैश, पायलट सुरक्षित।
15 जुलाई 2013: उत्तरलाई से 4 किमी. दूर बांदरा में मिग-27 क्रैश, पायलट सुरक्षित।
27 जनवरी 2015: बाड़मेर के शिवकर रोड पर मिग-21 क्रैश, पायलट सुरक्षित।
10 सितंबर 2016: मालियों की ढाणी बाड़मेर में मिग-21 क्रैश, पायलट सुरक्षित।
15 मार्च 2017: शिवकर के पास सुखोई- 30 क्रैश, पायलट सुरक्षित।
25 अगस्त 2021: मातासर भुरटिया में मिग-21 बाइसन क्रैश, पायलट सुरक्षित
