फुल करा लें टैंक, पेट्रोल पम्पों पर 50 फीसदी से कम बचा स्टॉक
टीकमगढ़. जिले में 40 से अधिक पेट्रोल और डीजल पंप का संचालन किया जा रहा है। पेट्रोलियम कम्पनी डिमांड के अनुसार ईधन की आपूर्ति नहीं कर पा रहीं है। जिससे पम्पों पर ईधन की कमी की स्थिति बन रही है। पेट्रोल और डीजल की कमी के चलते जतारा का बैरवार तिगैला का पम्प बंद हो गया है। जिले में पेट्रोल की किल्लत की खबर फैलते ही वाहनों की लम्बी-लम्बी कतारे लगने लगी है। ऐसे हाल टीकमगढ़ के साथ जनपद पंचायत क्षेत्रों में देखने को मिल रही है। केंद्र सरकारी एक्साइज ड्यूटी घटाकर ग्राहकों को भले ही राहत दी हो, लेकिन तेल कंपनियों की मनमानी और सप्लाई पर बैरियर से आम उपभोक्ता को समस्या से दो चार होना पड़ रहा है।
शहर के पम्प भी ईधन की कमी से एक दिन बंद रहने लगे है। सेल्समैन का कहना था कि जो ईधन की गाड़ी तीन से चार दिनों में आती थी, अब वह एक हफ्ता लगा रही है। जिले के सभी पम्पों पर स्टॉक कम हो गया है। जिले में पेट्रोल-डीजल के लिए लोगों को कुछ दिनों में परेशान होना पड़ सकता है।
वर्मा पेट्रोल पम्प के कर्मचारी संजीव श्रीवास्तव का कहना था कि पेट्रोल और डीजल की कमी तो हो गई है और आने वाले समय में समस्या बढ़ सकती है। अभी गाडियां आ रही है। स्टॉक बनाकर पम्पों को चालू किया जा रहा है। स्टॉक के बाद गाडियों को पेट्रोलियम कम्पनी के पास भेज देते है। दो से तीन दिनों में गाडियां टीकमगढ़ पहुंच जाती है।
