दूसरे दिन बिके 138 फाॅर्म, भाजपा व कांग्रेस से 2-2 और बसपा से एक महिला दावेदार ने नामांकन किए दाखिल
ग्वालियर. नगरीय निकाय चुनाव के लिए दूसरे दिन सोमवार को 138 नामांकन फॉर्म बिके। जिसमें 136 फॉर्म पार्षद और 2 फॉर्म महापौर पद के लिए बिके। एक फॉर्म कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी शोभा सिकरवार ने और दूसरा फाॅर्म विद्याबाई निवासी ढोलीबुआ पुल की ओर से खरीदा गया।
शनिवार को पहले दिन 76 फॉर्म पार्षद और एक फॉर्म महापौर के लिए बिका था। पार्षद पद के लिए अब तक 215 नामांकन फॉर्म बिकने के साथ भाजपा-कांग्रेस के दावेदारों के क्षेत्रों की स्थिति भी बदलती सामने आ रही है। पहले नगर निगम में कांग्रेस की तरफ से उपनेता प्रतिपक्ष रह चुके चतुर्भुज धनोलिया इस बार वार्ड 22 से दावेदारी के लिए फॉर्म ले गए हैं। पिछले कार्यकाल में वे वार्ड 21 से पार्षद निर्वाचित हुए थे। सोमवार को महिला उम्मीदवारों ने 5 नामांकन भरे।
गौरतलब है कि दो दिन में कुल 8 नामांकन भरे गए हैं। इनमें 7 महिलाएं हैं। दूसरे दिन कम नामांकन को लेकर ज्योतिषाचार्य पंडित विजय भूषण वेदार्थी ने कहा कि सामान्य तौर पर लोग 3, 13 और 23 के अंक को शुभ नहीं मानते हैं पर शास्त्रों में ऐसा कही लिखा नहीं है।
