चुनाव डयूटी नहीं करने के लिए ढेरों तरह के बहाने
जबलपुर. चुनाव-ड्यूटी अपने आप में बड़ा रोमांचकारी काम होता है, जिसमें प्रत्येक जिले से हजाराें अधिकारी-कर्मचारी नियोजित किए जाते हैं, लेकिन इनमें से अनेक ऐसे होते हैं, जो चुनाव ड्यूटी करने से बचना चाहते हैं। ऐसे लोगो के पास एक से बढ़कर एक बहाने होते हैं। लेकिन अफसर भी ‘तू डाल-डाल तो मैं पांत-पांत’ वाली कहावत चरितार्थ कर रहे हैं।
अभी नाम-निर्देशन पत्र लेने और जमा कराने तक ही प्रक्रिया पहुंच पाई है, लेकिन जिले में करीब 325 आवेदकों ने चुनाव ड्यूटी से नाम अलग करवाने के लिए अर्जी लगा दी है। इनमें से केवल 32 लोगों के नाम चुनाव ड्यूटी से पृथक किए गए हैं, वो पूरी तहकीकात के बाद। जिले के आला अफसर किसी भी आवेदक को अर्जी लगाने से तो नहीं रोक रहे, लेकिन उन्होंने इतनी बैरीकेडिंग लगा रखी है कि कोई भी बहानेबाज अधिकारी या कर्मचारी चुनाव ड्यूटी से न बच सके। बावजूद इसके अनेक ऐसे हैं जो कि जोर आजमाइश से बाज नहीं आ रहे। हालांकि इस बार आवेदनों की संख्या में कमी देखी जा रही है।
20/50 का हैमर
इस प्रक्रिया में 20/50 का नियम काफी असरकारक साबित हो रहा है। जो लोग बहानेबाजी कर रहे हैं, उनको इस नियम के मुताबिक अनिवार्य सेवानिवृत्ति का भय दिखा रास्ते पर लाया जा रहा है। सेंट्रल स्कूल में पढ़ाने वाले सुभाष यादव ने हार्ट की बीमारी होने की बात कहते हुए रियायत मांगी थी, जिस पर एडीएम विमलेश सिंह ने उनकी उम्र 51 की हो चुकी होने का हवाला देते हुए उनके कार्यालय प्रमुख से उनकी अनिवार्य सेवानिवृत्ति का प्रस्ताव बुलवाने के लिए लिख दिया। इसके बाद इन महाशय ने खुद एक नया आवेदन देकर अपने पुराने आवेदन पर विचार नहीं करने का आग्रह करते हुए चुनाव-ड्यूटी करने पर सहमति प्रदान कर दी।
