ग्वालियर निगम में सिंधिया की रिश्तेदार दावेदार, भोपाल में CM-मंत्री तय करेंगे नाम
भोपाल. मध्य प्रदेश में भाजपा एक-दो दिन में महापौर पद के प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है। सत्ताधारी दल होने से यहां टिकट चाहने वाले भी ज्यादा है। सागर में 14 लोगों ने मेयर पद के टिकट के लिए दावा ठोंक दिया है। भाजपा में पूर्व पार्षद मालती राय को टिकट दिलाने के लिए विधायक, मंत्री, पूर्व महापौर सब एक हो गए है। इंदौर में पेंच फंसा है क्योंकि सबसे बड़े दावेदार रमेश मेंदोला को प्रत्याशी चयन की संभागीय समिति में सदस्य बनाया गया है। ग्वालियर से पूर्व मंत्री माया सिंह को प्रबल दावेदार माना जा रहा है। जबलपुर में दो पूर्व पार्षदों कमलेश अग्रवाल व श्रीराम शुक्ला की दावेदारी मजबूत बताई गई है।
ग्वालियर : पूर्व मंत्री माया सिंह का दावा इसलिए मजबूत
ग्वालियर में पूर्व कैबिनेट मंत्री माया सिंह का नाम भी चर्चा में है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व नरेंद्र सिंह तोमर से इनके बेहतर संबंध भी हैं। हालांकि पूर्व कैबिनेट मंत्री की बढ़ती उम्र टिकट बंटवारे में आड़े आ सकती है। माया सिंह के अलावा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री खुशबू गुप्ता का नाम तेजी से चल रहा है। यह दो बार से लगातार पार्षद और नगर निगम में दो बार एमआईसी सदस्य भी रह चुकी हैं। वहीं, वरिष्ठ नेत्री सुमन शर्मा दावेदारी कर रही हैं। यह वरिष्ठ भाजपा नेता रहे डॉ. धर्मवीर शर्मा की बहू हैं।
