सिंधिया डेढ़ घंटे एक-एक कर दावेदारों से मिले, अनूप मिश्रा ने सिंधिया से अकेले में चर्चा की
ग्वालियर. निकाय चुनाव में भाजपा से टिकट के दावेदारों ने अब तक जितने आवेदन संगठन को दिए है उतने एक दिन में ही ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास पहुंच गए। करीब 500 से ज्यादा बायोडेटा सिंधिया को सौंपे गए। गुरूवार को दो दिवसीय दौर पर ग्वालियर आए केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने टिकट को लेकर विरोध की स्थिति न बने इसलिए ग्वालियर ही नहीं चंबल अंचल के सभी संभावित दावेदारों से एक-एक कर मुलाकात की। कुर्सियों पर बैठे संभावित दावेदारों के पास सिंधिया खुद पहुंचे। समर्थकों ने उनके पैर छूकर अपना बायोडेटा दिया। दावेदारों ने यह कहते हुए उम्मीद जताई कि आपके साथ कांग्रेस छोड़कर आए है अब भाजपा से टिकट दिलवा दो।
अनूप मिश्रा बोले परिवार को महापौर टिकट मिला तो लड़ेंगे
खेमा बदलकर सिंधिया के पाले में पहुंचे पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा ने सिंधिया से अकेले में चर्चा की। अनूप मिश्रा ने चर्चा करते हुए कहा कि पार्टी से टिकट मांगा नहीं है। यदि पार्टी परिवार में किसी को टिकट देती है तो चुनाव लड़ेंगे। अंदरखाने की खबर है कि अनूप मिश्रा महापौर पद के लिए अपने परिवार में किसी को दावेदारी दिलाना चाहते है और इसलिए वे मुलाकात करने पहुंचे।
ऊर्जा मंत्री ने दावेदारों का कराया व्यक्तिगत परिचय
सिंधिया के साथ ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी थे। उन्होंने कुछ दावेदारों का सिंधिया से व्यक्तिगत तौर पर परिचय कराते हुए टिकट देने का आग्रह किया। कुछ दावेदारों की अकेले में भी मुलाकात कराई।
जल्द घोषित होंगे उम्मीदवार
सिंधिया ने कहा, जय विलास पैलेस में जनसंपर्क कर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की है। प्रत्याशियों की घोषणा जल्द कर दी जाएगी। प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा के लिए मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य वरिष्ठ नेता चर्चा कर रहे हैं।

