Jammu Kashmir- लश्कर के 2 मॉड्यूल का पर्दाफाश, 5 मददगार गिरफ्तार, हथियार और अन्य सामग्री जब्त
श्रीनगर. उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में सुरक्षाबलों ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-ताइबा के 2 मॉडयूल का भंडाफोड़ करते हुए 5 आतंकी मददगारों (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार किया है यह सभी पाकिस्तानी आतंकी के संपर्क में थे और हाजिन इलाके में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की फिराक में थे। इनसे चीन निर्मित पिस्तौल व ग्रेनेड बरामद हुए है। सुरक्षा एजेंसियां इन आतंकी मददगारों से पूछताछ में जुटी हुई है। पुलिस ने बताया कि रख हाजिन इलाके में नाके पर जांच के दौरान हाजिन निवासी इफरान अजीज भट को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ पर उसने लश्कर के लिये काम करने की बात स्वीकार की। ऐसा बताया कि वह पाकिस्तानी आतंकी अमर लाला व मारे गये हाजिन निवासी आतंकी सलीम पर्रे के लगातार संपर्क में रहता था।
मददगार पाकिस्तानी आतंकी के इशारे पर हाजिन इलाके में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की साजिश में जुटा हुआ था। दूसरे मॉड्यूल का बांदीपोरा में भंडाफोड़ करते हुए 2 चीनी ग्रेनेड के साथ 4 मददगारों को सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार किया । इनकी शिनाख्त अष्टंगू के इरफान अहमद भट, आरिन के सज्जाद अहमद मीर, शारिक अहमद मीर और काजीपोरा के इरफान अहमद के रूप में हुई हे। यह सभी इलाके में सक्रिय आतंकियों को सिमकार्ड के साथ रहने, खाने-पीने व अन्य तरह की सुविधायें मुहैया कराते थे। पुलिस ने बताया कि सभी से पूछताछ जारी है। कुछ अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।
3 दिन में एक आतंकी और आठ मददगार चढ़े हत्थे
घाटी में 3 दिनों में एक आतंकी और 8 मददगारों को गिरफ्तार करने में सुरक्षा बलों को सफलता मिली ही। 2 अप्रैल को अनंतनाग में लश्कर के आतंकी बशीर गनेई को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया था। इससे पहले एक अप्रैल को पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के 3 मददगारों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली थी। इनसे एक एके47 राइफल, तीन मैगजीन व 69 कारतूस बरामद किए गए थे। तीन अप्रैल को बांदीपोरा में लश्कर के पांच मददगारों की गिरफ्तारी हुई।

