दिल्ली में मध्यप्रदेश भाजपा-संघ का मंथन, अगले विधानसभा चुनाव में हार्डकोर हिंदुत्व एजेंडे के साथ उतरेगी भाजपा
भोपाल. मध्य प्रदेश में अगले साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव में भाजपा हार्डकोर हिंदुत्व के एजेंडे के साथ उतरेगी। यह बात दिल्ली में गरूवार को हुई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और प्रदेश भाजपा संगठन की बैठक में तय की गई है। करीब पौने चार घंटे चली इस समन्वय बैठक में यह भी तय हुआ कि प्रदेश में दंगा और पत्थरबाजी करने वालों के खिलाफ उत्तर प्रदेश की तरह कड़ी कार्रवाई की जाए।
अगले महीने ब्यूरोक्रेसी में कुछ अहम बदलाव होगे
संघ ने सरकारी सिस्टम में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर भी सख्त नाराजगी जताई। इसे देखकर माना जा रहा है कि अगले महीने ब्यूरोक्रेसी में कुछ अहम बदलाव हो सकते है। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि कमजोर परफॉर्मेंस वाले मंत्रियों के विभाग बदले जाएं। संघ ने रामनवमी के जुलूस पर हुई घटनाओं पर मिले फीडबैक से भी नाराजगी जताई।
संघ-भाजपा की यह बैठक दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में न होकर 11 अशोका रोड पर हुई। यह बंगला भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष का है। बैठक सुबह 11:30 बजे शुरू हुई जो दोपहर 3:15 बजे तक चली। इसमें केंद्र में भाजपा और संघ के बीच समन्वय का काम देखने वाले सर सह कार्यवाह अरूण कुमार, मध्यक्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक दीपक विस्पुते, क्षेत्र कार्यवाह अशोक अग्रवाल और मध्यभारत प्रांत के प्रांत कार्यवाह यशवंत इंदापुरकर शामिल हुए। राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा मौजूद रहे।
मंथन से निकलीं 3 बड़ी बातें
उप्र की तरह मप्र में भी पत्थरबाजों, उपद्रवियों पर ज्यादा कड़ी कार्रवाई होगी
भ्रष्टाचार पर संघ नाराज, सरकार को सख्त निर्देश- अफसरों पर लगाम कसो
पार्टी के सर्वे के आधार पर जल्द 5-6 मंत्री बाहर होंगे, नए चेहरे आएंगे
