मुंबई के रेलवे स्टेशन पर पुडुचेरी व गडग एक्सप्रेस एक ही पटरी पर आकर टकराए
मुंबई. मुंबई के माटुंगा रेलवे स्टेशन पर दादर-पुडुचेरी एक्सप्रेस (11005) और गडग एक्सप्रेस के एक ही पटरी पर आने से एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे में पुडुचेरी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। ट्रेनों के डिब्बे आपस में टकराने की वजह से ओवर हेड वायर टूट गया और जिसकी वजह से तेज धमाके की आवाज भी सुनाई दी है।
सेंट्रल रेलवे के CPRO के मुताबिक, अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की खबर नहीं है। पुडुचेरी एक्सप्रेस दादर से निकली थी। वहीं गडग एक्सप्रेस सीएसटी से निकली थी। ट्रैक नहीं बदलने के कारण गडग एक्सप्रेस भी पुडुचेरी एक्सप्रेस की पटरी पर आ गई, जिसके कारण दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे एक-दूसरे से टकरा गए। हालांकि दोनो ट्रेनों की रफ्तार कम थी इसलिए बड़ी दुर्घटना टल गई। हादसे की वजह से फिलहाल लोकल ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। घटना देर रात करीब पौने 10 बजे की है। जीआरपी मुंबई के मुताबिक, रेलवे प्रशासन के सहयोग से जीआरपी मुंबई के वरिष्ठ अधिकारी फंसे हुए यात्रियों की मदद का इंतजाम कर रहे हैं।

