अब ग्वालियर-आगरा हाइवे सिंधिया के टागरेट पर
ग्वालियर. आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्वालियर से आगरा के बीच के फोन लेन हाइवे को सिक्स लेन कर एक्सप्रेस वे के रूप में विकसित करने और आगरा के आगे यमुना एक्सप्रेस वे से कनेक्ट करने की मांग की गई है। यह मांग केन्द्रीय नागरिक उड़डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केन्द्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी को पत्र लिखकर की है। पत्र में सिंधिया ने मुरैना से धौलपुर राजस्थान के बीच हाइवे को बहुत खस्ताहाल बताया है। पहले भी सिंधिया पत्र के जरिए ग्वालियर के विकास के लिए विभिन्न मांग करते रहे हैं। इस बार उनके टारगेट पर आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग है।
ग्वालियर और उसके आसपास के संपूर्ण विकास के लिए केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्यस सिंधिया लगातार पत्र की राजनीति करते आए हैं। पहले भी वह पत्र के माध्यम से ग्वालियर के विकास और नए प्रोजेक्ट की मांग करते रहे हैं। चाहें वह नैरोगेज ट्रेन के इंजन या कोचों की नीलामी का मुद्दा हो या फिर एलिवेटेड रोड का। इस बार केन्द्रीय मंत्री ने ग्वालियर से आगरा के बीच 120 किलोमीटर लंबा हाईवे को बेहत्तर बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने केन्द्रीय सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि मैं आपका ध्यान ग्वालियर-आगरा के 120 किलोमीटर लंबे हाइवे पर अकृष्ट करना चाहता हूं। जो आगरा-मुम्बई राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-3 स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना में उत्तर-दक्षिण राजमार्ग के अंदर आता है। यह राजमार्ग स्व. प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई के समय में 4 लेन के रूप में विकसित किया गया था।
6 लेन हाइवे करने की मांग की
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी को जनहित में अपना प्रस्ताव बताते हुए इस फोर लेन हाइवे को 6 लेन कर एक्सप्रेस वे के रूप में विकसित करने की मांग की है। इतना ही नहीं आगरा के आगे इसे यमुना एक्सप्रेस वे से जोड़कर ग्वालियर से आगरा, दिल्ली का सफर सुगम हो सके।

