MP में रामनवमी के जुलूस पर पथराव के बाद तनाव, कई इलाकों में कर्फ्यू,SP व TI समेत कई लोग घायल, BJP विधायक बोले हर पत्थर का हिसाब होगा
खरगोन. रामनवमी के जुलूस पर हुए पथराव के बाद शहर का माहौल बिगड़ गया। कई जगह पर उपद्रव और आगजनी की घटनाएं होने लगी जिसके बाद शहर के तालाब चौक, गौशाला मार्ग और मोतीपुरा सहित कई इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया। उपद्रव के दौरान एसपी सिद्धार्थ चौधरी और कोतवाली टीआई बनवारी मंडलोई भी घायल हो गए। शहर के हालात बिगड़ने की खबर मिलते ही डीआईजी तिलक सिंह, एसपी सिद्धर्थ चौधरी, डीएम अनुग्रहा पी ने मोर्चा संभाल लिया था, शहर में भारी संख्याी में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि रामनवमी का जुलूस समुदाय विशेष के लोगों के क्षेत्र से निकाला जा रहा था। इसी दौरान डीजे बजाने को लेकर उन्होंने आपत्ति ली। इसी बात को लेकर विवाद हुआ। उपद्रवियों ने जुलूस पर पथराव शुरू कर दिया जिसके बाद जवाब में जुलूस में शामिल लोगों ने भी पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। इसके बाद उपद्रवियों ने तालाब चौक-गौशाला रोड स्थित शीतला माता मंदिर में तोड़फोड़ कर दी साथ ही शहर में आगजनी भी शुरू कर दी। उन्होंने चार मकानों को आग के हवाले कर दिया इस दौरान टीआई बनवारी मंडलोई भी घायल हो गए।
अन्य जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया
इधर उपद्रव की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। लेकिन स्थिति की गंभीरता देख DIG तिलक सिंह, SP सिद्धार्थ चौधरी, DM अनुग्रहा पी. ने भी मौके पर पहुंच मोर्चा संभाला। हालात देखते हुए प्रशासन ने पड़ोसी जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुला लिया। स्थिति पर काबू पाने के लिए प्रशासन ने तालाब चौक, गौशाल मार्ग, मोतीपुरा और तवड़ी मोहल्ले सहित कई क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया।
भाजपा विधायक ने चेताया
भोपाल के हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने उपद्रवियों को चेताया है। उन्होंने कहा है कि पत्थर फेंकने वालों के एक-एक पत्थर का हिसाब होगा।

