जल्द शुरू होगा ग्वालियर से श्योपुर के बीच 197 किमी लम्बे ब्रॉडगेज परिवर्तन का काम

मुरैना. लम्बे समय से भू-अधिग्रहण के फेर में फंसे 187 किमी लम्बे ग्वालियर-श्योपुर गेज परिवर्तन प्रोजेक्ट में रेलवे ने 227 करोड़ रूपये का दूसरा टेण्डर जारी किया गया है। मुरैना जिले में भू-अधिग्रहण की कार्यवाही तेज होने के बाद सुमावली से सबलगढ़ के बीच करीब 51 किमी लम्बाई में अर्थवर्क, अण्डरग्राउंड सब-वे और पुल-पुलियों का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। आगामी जून माह में यह टेण्डर खोले जायेंगे। इसके बाद संबंधित फर्म को 2 वर्ष के अन्दर यह काम पूरा करना होगा।
खुदाई व अर्थवर्क का काम नवम्बर 2018 में शुरू हुआ था
कुल 2912.96 करोड़ रूपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के पहले टेण्डर में रेलवे ने रायरू से सुमावली के बीच करीब 27 किमी लम्बाई खुदाई व अर्थवर्क का काम नवम्बर 2018 में 112 करोड़ रूपये का ठेका देकर शुरू कराया था। इसके बाद आगे के टेण्डर का मामला भूमि अधिग्रहण में देरी के कारण फंस गया था। रेलवे को मुरैना में कुल 327 हेक्टर जमीन की आवश्यकता थी। लेकिन, विधानसभा और लोकसभा चुनाव के दौरान प्रक्रिया नहीं हो पा रही थी। इसके बाद मुरैना जिला प्रशासन ने तेजी से काम करते हुए सरकारी, निजी और वन भूमि मिलाकर रेलवे को 145 हेक्टर जमीन का अवंटन कर दिया है। ऐसे में रेलवे ने लॉकडाउन की अवधि में गत 30 अप्रैल को सुमावली से आगे जौरा और सबलगढ़ तक 51 किमी लम्बाई में अर्थवर्क का दूसरा टेण्डर जारी किया गया है।
क्या है प्रोजेक्ट
2912.96 करोड़ रुपए की लागत से ग्वालियर से श्योपुर के बीच 187 किमी लंबा ब्रॉडगेज ट्रैक बिछा दिया जाएगा। गेज परिवर्तन का यह काम ग्वालियर के बिरलानगर स्टेशन से श्योपुर के बीच किया जाना प्रस्तावित है। यह लाइन रायरू रेलवे स्टेशन से 4 किमी आगे जाने के बाद बामौर गांव स्टेशन की तरफ मुड़ जाएगी। इस बीच में 30 मीटर चौड़े हाईवे के ऊपर से ओवरब्रिज बनाकर ट्रेन निकाली जाएगी। इस प्रोजेक्ट में नदी और नालों पर 223 पुलों का निर्माण किया जाएगा। इनमें से 42 बड़े पुल और 181 छोटे पुल.पुलिया बनाए जाएंगे। इसके अलावा 114 रेल क्रॉसिंग के नीचे और ऊपर ओवरब्रिज बनेंगे। इनमें से सात आरओबी बनेंगे। इस संबंध में रेल मंडल झांसी के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ग्वालियर.श्योपुर गेज परिवर्तन प्रोजेक्ट में भूमि अिधग्रहण होने के कारण सुमावली से सबलगढ़ के बीच अर्थवर्क का टेंडर जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *