जौरासी घाटी में बदमाशों ने दंपती को ओवरटेक कर रोका, कट्टा तानकर लूटा पर्स, बाइक भी तोड़ दी
ग्वालियर. ग्वालियर की जौरासी घाटी पर फिर एक बार बाइक सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। रिश्तेदार के घर वापस लौट रहे दंपती को बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोका और कट्टा अड़ाकर मोबाइल, नगदी बीस हजार रुपए और मंगलसूत्र लूट ले गए। वारदात जौरासी घाटी के पास झांसी रोड हाइवे की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए हैं।
यह हुई थी वारदात
डबरा निवासी 30 वर्षीय भूपेन्द्र कुशवाह पुत्र भगवान लाल कुशवाह शनिवार को अपने रिश्तेदार से मिलने के लिए ग्वालियर शहर आए थे साथ में उनकी पत्नी भी थी। लौटते समय जब वह बाइक क्रमांक MP07 ND-8137 से वापस घर जा रहा था। अभी वह जौरासी घाटी स्थित सरिया फैक्टी जाने वाली सड़क पर पहुंचा ही था कि तभी दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश आए और बाइक सवार ने ओवरटेक कर उनके सामने बाइक अड़ा दी। जैसे ही भूपेन्द्र ने बाइक रोकी तो पीछे से भी बदमाशों ने बाइक अड़ा दी। वह कुछ कहते या संभल पाते उससे पहले पीछे की बाइक से एक बदमाश उतरकर उनके पास आया और भूपेन्द्र की पत्नी पर कट्टा अड़ा दिया। उसने विरोध करने का प्रयास किया तो बदमाश ने उसे और उसकी पत्नी को गोली मारने की धमकी दी।
भूपेन्द्र और पत्नी ने भागकर बचाई जान
बदमाशों ने कट्टा अड़ाकर उसकी पत्नी का पर्स छीन लिया और बाइक की भी तोड़ कर रख दी। बदमाशों के तेवर देखकर भूपेन्द्र और उसकी पत्नी ने वहां से बचाकर अपनी जान बचाई। साथ ही मदद के लिए शोर मचाया, जिस पर वहां काफी लोग पहुंच गए। पर इस समय तक बाइक सवार बदमाश भाग गए। पर्स में बीस हजार रुपए नगदी, एक मंगलसूत्र और मोबाइल रखा था। शोर सुनकर लोग एकत्रित हुए और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बदमाशों की तलाश में इलाके की सर्चिंग कराई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए।

