ग्वालियर में नशे के लिए रुपए नहीं देने पर पिता को पीट-पीटकर मार डाला, मां के हाथ-पांव तोड़ दिए

ग्वालियर. शराब के लिए एक बेटे ने कई रिश्तों का खून कर दिया। शराब के लिए रुपए नहीं देने पर जेरी (लाठी जिसमें आगे लोहा लगा रहता है) से पीट-पीटकर पिता की हत्या कर दी। पति को बचाने आई अपनी मां को भी नहीं छोड़ा और बेरहमी से पीट-पीटकर हाथ-पांव तोड़ दिए। यह दिल दहला देने वाली घटना करहिया के रिछारी कलां गांव में आधी रात की है। घटना का पता चलते ही पड़ोसी बचाने आए और घायल को उपचार के लिए भर्ती कराकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस बयान ले रही थी कि तभी घायल पिता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को निगरानी में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। साथ ही हत्या करने वाले बेटे की तलाश में दबिश देना शुरू कर दिया है।

यह है पूरा मामला
ग्वालियर भितरवार के करहिया स्थित रिछारी कलां गांव निवासी 50 वर्षीय पूरन कुशवाह किसान है। तीन दिन से पूरन का बेटा नीरज कुशवाह नशे के लिए पैसों की मांग कर रहा था, जबकि वह नशे के लिए पैसे देने को बिल्कुल भी तैयार नहीं था। शनिवार रात भी नशे में धुत होकर नीरज घर आया और पिता से रुपए की मांग की। जब पिता ने रुपए देने से इनकार किया तो नीरज ने पास ही पड़ा जेरी (लाठी जिसके आगे लोहा लगा रहा है और भुस निकाले में इसका उपयोग होता है) उठाई और पिता पर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। यह देख उसकी मां विद्यादेवी कुशवाह अपने पति को बचाने के लिए बीच में कूद पड़ी। नशे में धुत बेटे ने उसे भी नहीं छोड़ा और हमला कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और हमलावर को रोका। इसके बाद हमलावर वहां से भाग गया। घायल दंपती को उपचार के लिए पहुंचाया, जहां पिता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। किसान की मौत का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक का शव पीएम हाउस भेज दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *