ट्रेन के इंजन में आग लगने से आग 2 कोच तक पहुंची, यात्रियों ने दिखाया दम, डिब्बों को धक्का देकर अलग किया
मेरठ. शनिवार सुबह पैसेंजर ट्रेन के इंजन और दो कोच में आग लग गई। यह हादसा मेरठ शहर से 18 किमी. दूर दौराला स्टेशन पर हुआ। सहारनपुर से दिल्ली की तरफ जा रही ट्रेन मेरठ के दौराला स्टेशन पर खड़ी हुई थी। अचानक ट्रेन के कोच में धुआं उठने लगा। रेलवे कर्मचारियों ने आग लगे इंजन और दो डिब्बों को अलग किया। इसके बाद यात्रियों ने धक्का लगाते हुए ट्रेन की अन्य बोगियों को आग से बचाया। यात्रियों के इस प्रयास की लोगों ने काफी सराहना की है। रेलवे कर्मचारियों ने कहा कि अगर समय रहते वह ट्रेन के अन्य डिब्बों को धक्का लगा कर अलग न करते तो कई डिब्बे जल जाते।
यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
सुबह के समय कोहरा था। सहारनपुर से दिल्ली जानी वाली पैसेंजर ट्रेन दौराला स्टेशन पर रुकी। इसमें यात्री भी सवार होने लगे। इस दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। यात्री महेश कुमार ने बताया कि उन्हें मेरठ जाना था, सहारनपुर से सवार हुआ था। देखा तो ट्रेन के डिब्बे में आग लग गई। ट्रेन में आग की शुरूआत इंजन से शुरू हुई। इंजन के पीछे वाले पैसेंजर डिब्बे ने भी आग पकड़ ली। यात्री ट्रेन से कूदकर जान बचाकर भागते रहे। इस दौरान यात्रियों ने वीडियो भी बना लिया। आग से एक कोच जलकर खाक हो गया। इसे रेलवे के अधिकारियों ने ट्रेन से अलग किया।