इंग्लिश का पेपर ग्वालियर में नहीं हुआ लीक, 12वीं की परीक्षा से 20 मिनट पूर्व पेपर का किया मिलान

ग्वालियर. कक्षा 12वीं के छात्र आज इंग्लिश का पेपर दे रहे हैं। सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक पेपर होगा। इससे 13 घंटे पहले बुधवार की रात 9 बजे सोशल मीडिया पर इंग्लिश का पेपर वायरल हुआ। जिला शिक्षाधिकारी विकास जोशी से बात की। उन्होंने बताया कि हमने पेपर बांटने से 20 मिनट पहले पेपर को खोलकर मिलान किया। पेपर लीक नहीं हुआ है।
6 परीक्षा केन्द्र अतिसंवेदनशील
जिले में इस बार 10वीं कक्षा के 29004 और 12वीं के 21158 छात्र परीक्षा दे रहे हैं। इसके लिये शहर और ग्रामीण दोनों मिलाकर कुल 95 केन्द्र तैयार किये गये हैं। 41 केन्द्रों को संवेदनशील माना गया है। 6 परीक्षा केन्द्रोंको अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। अंचलभर में 1 लाख 59 हजार 896 छात्र 10वीं और 1 लाख 2 हजार 717 छात्र 12वीं की परीक्षा में शामिल होंगे। इस परीक्षा के लिये माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के निर्देश भी जारी किये है।
मुरैना की परीक्षा में नकल की अधिक आशंका
पिछले कुछ वर्षो में बोर्ड परीक्षा में नकल के लिये भिण्ड जिला सबसे अधिक बदनाम था। लेकिन इस बार मुरैना में नकल की सबसे अधिक आशंका जताई गयी है। यही वजह है कि यहां अंचल में सर्वाधिक 63 संवेदनशील केन्द्र बनाये गये हैं और इनमें से भी 53 को अति संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। वहीं मुरैना में 10वीं कक्षा में सर्वाधिक 33128 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे।

