MP में दो दिन का राजकीय शोक

भोपाल. मध्य प्रदेश के इंदौर में जन्मी स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन से देशभर में शोक लहर है। लता मंगेशकर के निधन पर मध्य प्रदेश सरकार ने दो दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह, मप्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व सीएम कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने शोक संवेदनाएं प्रकट की है।

सुर साम्राज्ञी के निधन से सीएम शिवराज भावुक हो गए, उन्होंने सोशल मीडिया पर गहरा दुख जताया। सीएम बोले, स्वर के महायुग का अंत हो गया। लता दीदी आपके बिना यह देश सूना है, गीत-संगीत सूने हैं, हर घर सूना है, हृदय घट सूना है। आपकी कमी कभी कोई पूरी नहीं कर सकता। गीत-संगीत की देवी मानकर आपकी पूजा करते रहेंगे। लता दीदी के चरणों में प्रणाम।

सीएम ने चार ट्वीट किए। उन्होंने आगे कहा कि स्वर साम्राज्ञी, परम श्रद्धेय लता मंगेशकर जी के निधन से अन्तर्मन दुख, पीड़ा और शोक से व्यथित है। देश ही नहीं, समूचे विश्व ने एक ऐसी स्वर साधिका को खो दिया, जिन्होंने अपनी मधुर आवाज से जीवन में आनंद घोलने वाले असंख्य गीत दिए। लता दीदी का तपस्वी जीवन स्वर साधना का अप्रतिम अध्याय है।

कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति: राज्यपाल मंगुभाई पटेल
मप्र के राज्यपाल मंगुभाई पटेल लिखा- स्वर कोकिला, “भारत रत्न” लता मंगेशकर जी के निधन की खबर अत्यंत दुःखद है। उनका जाना कला जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके परिजनों व प्रशसंकों के प्रति शोक संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *