वायुसेना में परमानेंट स्कीम के तहत शामिल होंगी महिला फाइटर पायलट

नई दिल्ली. रक्षा मंत्रालय ने महिलाओं को सेना में समानता दिलाने को लेकर एक और बड़ा फैसला किया है। रक्षा मंत्रालय ने फैसला किया है कि अब भारतीय वायुसेना में महिला फाइटर पायलट एक्सपेरिमेंटल स्कीम के तहत नहीं बल्कि परमानेंट बेसिस पर शामिल होंगी। इससे पहले तक भारतीय वायुसेना में महिला लड़ाकू पायलटों को प्रायोगिक योजना के तहत शामिल किया जाता था। अब इस एक्सपेरिमेंटल स्कीम को स्थायी योजना यानी परमानेंट योजना में बदलने का निर्णय लिया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह भारत की नारी शक्ति की क्षमता और महिला सशक्तिकरण के प्रति हमारे प्रधानमंत्री की प्रतिबद्वता का प्रमाण पेश करता है।

सेना में महिलाओं की तैनाती
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने तीनों सेनाओं में भर्ती के लिए बने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में महिलाओं के प्रवेश का मार्ग प्रशस्त किया उसके बाद से केन्द्र सरकार और रक्षा मंत्रालय महिलाओं को समानता का अधिकार देने के लिए ज्यादा सजग हो गया है। आईये आपको बतायें किस तरह महिलाओं ने एक के एक उपलब्धि हासिल की और सेना में अपनी पोजिशन हासिल की।
2016 में IAF की फाइटर स्ट्रीम में शामिल होने की एक्सपेरिमेंट योजना लागू होने के बाद 16 महिलाओं को फाइटर पायलट के रूप में कमीशन किया गया है।
जुलाई 2016 में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में तीन सदस्यीय महिला टीम कमीशन की गई। अवनी चतुर्वेदी भी इस टीम का हिस्सा थीं।
साल 2018 में, भारतीय वायु सेना की फ्लाइंग ऑफिसर अवनी चतुर्वेदी ने अकेले लड़ाकू विमान मिग-21 उड़ाने वाली पहली भारतीय महिला बनकर इतिहास रच दिया।
2020 में, नौसेना ने डोर्नियर समुद्री विमान पर महिला पायलटों के अपने पहले बैच को तैनात करने की घोषणा की।
विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य सहित लगभग 15 अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों पर 28 महिला अधिकारियों की तैनात हुई है।
फिलहाल सेना ने महिलाओं को हेलीकॉप्टर उड़ाने की अनुमति दी है और वे स्थायी कमीशन की पात्र हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *