भोपाल में ”बीटिंग द रिट्रीट” के साथ गणतंत्र दिवस समारोह का समापन

पुलिस ब्रास बैंड की प्रस्‍तुतियों ने किया मंत्रमुग्‍ध
भोपाल देश‍भक्ति सांग फ्यूजन में भारतीय शास्‍त्रीय संगीत एवं पाश्‍चात्‍य संगीत के समिश्रण से मीठी-मीठी धुनों की बारिश। देश प्रेम की हिलोरें पैदा करतीं राष्‍ट्रभक्ति पूर्ण गीतों की रोमांचक धुनें। सुर-ताल के साथ कदम से कदम मिलाते पुलिस बैंड के जवान। मौका था राज्‍यपाल मंगुभाई पटेल के मुख्‍य आतिथ्‍य में शनिवार की शाम यहाँ मोतीलाल नेहरू स्‍टेडियम में आयोजित हुई ”बीटिंग द रिट्रीट” सेरेमनी का। इसी के साथ इस साल के गणतंत्र दिवस समारोह का समापन हुआ। ”बीटिंग द रिट्रीट” सेरेमनी की समापन बेला में सम्‍पूर्ण मोतीलाल नेहरू स्‍टेडियम सतरंगी रोशनी में सराबोर हो गया। इसी बीच बहुरंगी आतिशबाजी से जमीन से लेकर आसमान तक सुहाने रंग बिखर गये।
मोतीलाल नेहरू स्‍टेडियम में बीटिंग द रिट्रीट कार्यक्रम की शुरूआत राज्‍यपाल मंगुभाई पटेल को सम्मान प्रकट करने के साथ हुई। इसके बाद मध्‍यप्रदेश पुलिस के ब्रास बैंड, मास्‍ड बैंड, पाइप बैंड व आर्मी बैंड ने सामूहिक वादन की मनोहारी प्रस्‍तुति दीं। प्रस्‍तुतियों के बीच आकर्षक मार्च पास्‍ट ने सभी को मंत्रमुग्‍ध कर दिया। पुलिस ब्रास बैण्ड द्वारा देशभक्ति, फिल्‍मी, भारतीय शास्‍त्रीय संगीत, भारतीय राग व पाश्‍चात्‍य क्लासिकल संगीत की मनो‍हारी धुनें निकाली गईं। इसी कड़ी में हिन्दी फिल्मों के गीतों की सुमधुर संगीतमय प्रस्तुति दी गईं। इसके बाद सभी बैण्ड द्वारा मार्चपास्ट करते हुए बैण्डवार सामूहिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। निरीक्षक सुनील कटारे के नेतृत्‍व में पुलिस ब्रास बैण्ड की संगीतमयी प्रस्‍तुतियां हुईं। अंत में बैण्ड ने ” सारे जहां से अच्छा” की धुन पर मार्चपास्ट किया। समापन राष्ट्रगान एवं आकर्षक आतिशबाजी के साथ हुआ।

मनोहारी प्रस्‍तुतियों ने बांधा समा
”बीटिंग द रिट्रीट” सेरेमनी पुलिस ब्रास बैंड द्वारा प्रस्‍तुत किये गये कंसर्ट में 60 जवानों ने हिस्‍सा लिया। इसी तरह डिसप्‍ले में 89, बिगुल वादन में 20 व पाइप बैंड की प्रस्‍तुति में 5 कलाकार जवान शामिल थे। आरंभ में क्‍विक मार्च की प्रस्‍तुति हुई। इसके बाद बैंड ने फ्यूजन देशभक्ति में मधुर धुन निकाली। फिर पुलिस ब्रास बैण्ड द्वारा हिन्दी व अंग्रेजी क्लासिकल धुनों के साथ-साथ नई एवं पुरानी हिन्दी फिल्मों के गानों की संगीतमय प्रस्तुति दी गई। जिनमें प्रसिद्ध हिन्‍दी फिल्‍म पारसमणी ‘हस्‍ता हुआ नूरानी चेहरा….” तथा पेट्रीओटिक मेरा रंग दे बसंती चोला और तेरी मिट्टी में मिल जावां शामिल है। मध्‍यातंर के बाद फन फेयर क्‍विक मार्च, स्‍लो मार्च, ड्रमर्स कॉल व ड्रम रोल की मनोहारी प्रस्‍तुतियाँ हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *