ग्वालियर में नशे में धुत्त कार चालक ने कई वाहनों को मारी टक्कर
ग्वालियर. नशा कर कार चला रहे युवक ने जनकगंज क्षेत्र में एक बाइक में टक्कर मारकर भागा। जनता ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो चालक ने कार दौड़ा दी। चालक को पकड़ने दो दर्जन से अधिक लोग अपनी-अपनी गाड़ियों से कार के पीछे लग गए। कार चालक एक के बाद एक करीब दर्जन वाहनों को टक्कर मारते हुए राम मंदिर तक पहुंच और बेकाबू कार दीवार से जा टकराई, यहां जनता ने उसे घेर लिया।
फालका बाजार पुलिस चौकी पर मौजूद इंदरगंज थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग, प्रधान आरक्षक हेमंत मौके पर पहुंचे और मौजूद बल की मदद से चालक को जनता के आक्रोश से बचाया। थाना प्रभारी ने बताया कि एक कार (एमपी 07 सीसी 2754) तेज गति से गश्त के ताजिया की तरफ से आई। इस कार के पीछे दो पहिया व चार पहिया वाहनों से करीब दो दर्जन से अधिक लोग पीछा कर रहे थे। बेकाबू कार राम मंदिर की दीवार से टकरा गई। कार का पीछा कर रहे लोगों का कहना था कि कार चालक नशे की हालत में है। वह जनकगंज में एक के बाद एक कई गाड़ियों में टक्कर मारकर भागा है। कई लोगों की जान जाते-जाते बची है। चालक व बस आपरेटर का पुत्र बताया गया है। इसी बीच जनकगंज थाना पुलिस भी मौके पर आ गई और कार के साथ चालक को पकड़कर ले गई। यहां पुलिस ने फरियादी बाइक चालक राजेंद्र पाल निवासी लक्ष्मीगंज की शिकायत पर आरोपित कपिल अरोरा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस चालक का मेडिकल परीक्षण कराकर तस्दीक कर रही है कि उसने नशा किया है या नहीं।
