पुरानी छावनी में देर रात को मकान की छत ढहने मां बेटी की मौत, गहरी नींद में था परिवार
ग्वालियर. पुरानी छावनी के कृष्णानगर में बुधवार-गुरूवार की दरमियानी रात को मकान की छत ढहने से मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गयी। वहीं भाई-बहन घायल हो गये। घटना के समय परिवार के 6 सदस्य कमरे में गहरी नींद में सो रहे थे। इस दौरान अचानक एक आवाज आई और घर की छत ढह गयी। छत में लगी पट्टियों में दबकर बीए की छात्रा और उसकी मां की मोत हो गयी। जबकि छोटी बहन और भाई घायल हो गये है।
घटना पुरानी छावनी के कृष्णानगर पहाड़ी इलाके की है। घटना का पता चलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। सभी को जयारोग्य चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहा मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया गया। घायलों को अस्पताल में भती कराया गया है।
क्या है पूरा मामला
ये हादसा राकेश शाक्य ट्रक चालक के घर हुआ। जो कि गणतंत्र दिवस पर गाड़ी लेकर शहर से बाहर गया था। घर पर उसकी पत्नी ऊषा शाक्य (38), बेटी राधा (21), छोटी बेटी रिद्धिमा (13), बड़ा बेटा आनंद (22), छोटा बेटा सचिन (18) और मामा संजय थे। बुधवार रात को करीब 11 बजे तक खाना खाकर पूरा परिवार घर के आगे वाले कमरे में सो गया। तड़के 3 से 4 बजे के बीच अचानक तेज आवाज हुई और पूरी छत ढह गई। पटि्टयों की छत गिरने से पूरा परिवार मलबे में दब गया। मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग भी वहां एकत्रित हो गए। लोगों ने रेस्क्यू के लिए पुलिस और दमकल दस्ते को भी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुरानी छावनी पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक घर के कुछ सदस्यों को बाहर निकाला जा चुका था। पर ऊषा और उसकी बेटी राधा की मलबे में दबने से मौत हो गई। पुलिस ने अपने वाहनों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल रिद्धिमा और आनंद का इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने शवों को निगरानी में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है। साथ ही मामला दर्ज कर लिया है।
बहन की शादी चर्चा चल रही थी
घटना में जान गंवाने वाली राधा बीए फायनल ईयर की छात्रा थी। शाक्य परिवार जल्द ही उसकी शादी करने वाला था। राधा के लिये मां -पिता अच्छा रिश्ता तलाश रहे थे। कुछ दिन पूर्व ही उसके रिश्ते की बात भी चल रही थी। लेकिन इससे पहले ही हादसे में राधा की मौत हो गयी।
